पंकज चौधरी ने सपा-कांग्रेस की खींचतान पर साधा निशाना:संतकबीरनगर में बोले- स्वार्थ और सत्ता का गठजोड़, ज्यादा दूर नहीं चलेगा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी बुधवार दोपहर एक बजे संतकबीरनगर पहुंचे। यहां उन्होंने सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 181 सीटें मांग रही है, जबकि समाजवादी पार्टी 26 सीटें देने को तैयार है। यह गठबंधन ज्यादा दूर तक नहीं चलेगा। खलीलाबाद और मेंहदावल में की संगठनात्मक बैठक उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पंकज चौधरी ने जिले में पार्टी संगठन की बैठकें कीं। सबसे पहले उन्होंने खलीलाबाद स्थित भाजपा कार्यालय में खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के नए और पुराने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों से मुलाकात की। बैठकों में संगठन को मजबूत करने और चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया। बोले- स्वार्थ और सत्ता के लोभ का गठबंधन बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है, जबकि सपा पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर उन्होंने कहा कि यह स्वार्थ और सत्ता के लोभ का गठबंधन है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार प्रचंड जीत हासिल करेगी। सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और जनता के बीच सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। नेदुला में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत प्रदेश अध्यक्ष के जिले में पहुंचने पर सदर विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में नेदुला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जिले में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं ने अपनी संगठनात्मक सक्रियता दिखाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)