औरैया के कटरा मनेपुर में खुलेगा संस्कार एवं शिक्षा केंद्र:4 से 10 साल के बच्चों को मिलेगी शिक्षा; पढ़ी-लिखी बेरोजगार युवतियों को मिलेगा रोजगार
औरैया के फफूंद क्षेत्र के कटरा मनेपुर में संस्कार एवं शिक्षा केंद्र खोला जाएगा। ओजस्वी फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. अपर्णा सिंह ने महिला जागरूकता कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। केंद्र में 4 से 10 साल तक के बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा दी जाएगी। साथ ही क्षेत्र की पढ़ी-लिखी बेरोजगार युवतियों को शिक्षक केप में काम करने का अवसर मिलेगा। केंद्र के संचालन का पूरा खर्च डॉ. अपर्णा सिंह खुद उठाएंगी। कार्यक्रम पूर्व सभासद बेचे लाल कोरी के आवास पर आयोजित किया गया। अध्यक्षता सुशीला देवी शर्मा ने की। मुख्य अतिथि डॉ. अपर्णा सिंह ने वीरांगना झलकारी बाई के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देनी चाहिए। शिक्षित और सशक्त महिलाएं परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। बेरोजगार युवतियों को मिलेगा शिक्षक बनने का मौका डॉ. सिंह ने बताया कि संस्कार एवं शिक्षा केंद्र में छोटे बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए क्षेत्र की शिक्षित बेरोजगार युवतियों को शिक्षक के रूप में काम करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगी, ताकि बच्चों को शिक्षा देने के साथ युवतियों को रोजगार भी मिल सके। नारी शक्ति समाज की ताकत खानपुर आश्रम से आए संत चरणदास साहब ने कहा कि नारी शक्ति समाज की ताकत है। राष्ट्रीय कोरी समाज जागृत महासभा के अध्यक्ष बेचे लाल कोरी ने वीरांगना झलकारी बाई, अहिल्याबाई और रानी लक्ष्मीबाई के संघर्षों का जिक्र किया। उन्होंने महिलाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। महिलाओं के अधिकार और सम्मान पर हुई चर्चा कार्यक्रम में पातीराम कोरी, रामवती राजपूत और पूजा देवी सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और सामाजिक भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)