बाबा रामदेव पर क्रिमिनल मिसलेनियस पिटीशन दर्ज:प्रयागराज जिला कोर्ट में हुई सुनवाई, दंत मंजन और घी की गुणवत्ता का मामला
योग गुरु बाबा रामदेव उर्फ रामकिशन यादव के दंत मंजन और घी के मामले में प्रयागराज जिला कोर्ट में सुनवाई हुई। श्रद्धालुओं को बेचे गए उत्पादों की गुणवत्ता की जांच और एफआईआर की मांग को लेकर दाखिल अर्जी पर सुनवाई की गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) कक्ष संख्या 15 ज्योत्सना मणि यदुवंशी की कोर्ट में सुनवाई कर मामले को आपराधिक प्रकीर्ण वाद यानि क्रिमिनल मिसलेनियस पिटीशन के रूप में दर्ज कर लिया। ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज खुद रखा पक्ष
कोर्ट की इस कार्यवाही के बाद मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। अब अगली सुनवाई 4 दिसंबर 2026 को होगी। मामले के शिकायतकर्ता ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज और मनीष डाबर अदालत में मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वादीगण की ओर से अदालत के समक्ष अपना पक्ष और दलीलें पेश की गईं। ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज ने स्वयं -इन-पर्सन के रूप में अदालत में उपस्थित होकर अपनी दलीलें रखीं। निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच की मांग
वहीं दूसरे वादी मनीष डाबर की ओर से सीनियर अधिवक्ता प्रदीप कुमार रस्तोगी ने पक्ष रखा। उन्होंने मामले से जुड़े कानूनी एवं तथ्यात्मक पहलुओं पर दलीलें दीं। वादी गण का कहना है कि दंत मंजन और घी जैसे उत्पादों की वास्तविक सामग्री, शुद्धता, निर्माण प्रक्रिया और निर्माण स्रोत की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच आवश्यक है। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं और आम उपभोक्ताओं को बेचे जाने वाले उत्पादों की वास्तविकता सामने आए। यदि जांच में कोई अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई हो। ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज ने कहा है कि यह मामला केवल दो उत्पादों तक सीमित नहीं है। बल्कि उपभोक्ताओं के विश्वास, उत्पादों की शुद्धता और जनहित से जुड़ा हुआ है। जब श्रद्धालु किसी उत्पाद पर विश्वास करके उसका उपयोग करते हैं। तो उसकी वास्तविक सामग्री और गुणवत्ता की जानकारी पारदर्शी होनी चाहिए।इस विषय में निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सच्चाई सामने आनी चाहिए। अब सभी की निगाहें 4 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली न्यायालयीन सुनवाई पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)