सामाजिक संपर्क अभियान से सभी वर्गों को जोड़ रही भाजपा:मुस्लिम, सिख और जैन समाज के प्रतिनिधियों के साथ डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने किया भोजन
भाजपा के सामाजिक संपर्क अभियान के दूसरे दिन गुरुवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर सामाजिक संपर्क बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिंदू, मुस्लिम, सिख और जैन समाज के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच संवाद और आपसी समन्वय पर जोर दिया गया। बैठक के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मुफ्ती मंजूर नियामी, पीके जैन और भूपेंद्र सिंह तलवार के साथ एक ही थाली में भोजन किया। भाजपा ने इसे सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश बताया। पहले अपराध और माफिया का डर था, अब कानून का राज: पाठक उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को भय और अपराध के माहौल से निकालकर विकास और सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, माफिया और व्यापारियों के साथ लूट की घटनाओं से लोगों में डर था। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी परिवार चिंतित रहते थे। रात में किसी के बीमार होने पर दवा लेने निकलना तक मुश्किल होता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखना है। स्थानीय उत्पादों से बढ़ रहे रोजगार के अवसर ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिल रही है। अमरोहा की ढोलक, अलीगढ़ के ताले, भदोही की कालीन, वाराणसी की साड़ी, सिद्धार्थनगर का काला नमक चावल, प्रतापगढ़ का आंवला, प्रयागराज का अमरूद और लखनऊ की चिकनकारी प्रदेश की पहचान हैं। सरकार इन उत्पादों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़ा रही है। गरीबों को योजनाओं का लाभ मिलने का दावा डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, बिजली और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवारों को लाभ मिला है। कोरोना काल से जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से प्रदेश को विकास की नई दिशा मिलेगी। सभी वर्गों को जोड़ना अभियान का उद्देश्य: नीरज सिंह सामाजिक संपर्क अभियान के संयोजक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर संवाद स्थापित करना है। भाजपा की विचारधारा 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, पिछड़ों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के लिए कई योजनाएं चला रही है। सामाजिक संपर्क बैठकों के जरिए अलग-अलग समाजों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है। कई समाजों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा बैठक में मुस्लिम समाज से अबरार जमाल, मुफ्ती मंजूर नियामी, मौलाना सुहेब कश्मीरी, मुफ्ती सूफियान नजीर कासमी, मुफ्ती रहमान और मौलाना अजीज अशरफ सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। जैन समाज से पीके जैन और डॉ. अतुल कुमार जैन, सिख समाज से नीतू सिंह और हरपाल सिंह ने हिस्सा लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)