इमरान मसूद पर खरगे की नसीहत, सपा से विवाद के बीच दिया बड़ा संदेश!
मल्लिकार्जुन खरगे ने इमरान मसूद को टीवी पर बयान देने से ज्यादा काम करने की नसीहत दी। वहीं सपा सांसद राजीव राय ने गठबंधन को लेकर उनकी बयानबाजी पर पलटवार किया।
दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 26 नवंबर 2026
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सीटों के बंटवारे पर चर्चा जारी है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी ही पार्टी के सांसद इमरान मसूद को नसीहत दी है। संविधान दिवस पर गुरुवार को लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खरगे ने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर बोलते हुए सुनते हैं, लेकिन बोलने से ज्यादा काम करने की जरूरत है। उन्होंने इमरान मसूद की तारीफ करते हुए कहा कि वह पार्टी के लिए लड़ते हैं और लड़कर अपनी बात मनवाते हैं। खरगे ने पार्टी नेताओं से आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर सभी एकजुट होकर काम करेंगे तो जीत जरूर मिलेगी, लेकिन आपस में लड़ने से किसी को फायदा नहीं होगा।
सपा से सीटों के बंटवारे पर नाराज हैं इमरान मसूद
दरअसल, सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं। वह कांग्रेस को कम सीटें दिए जाने और अपने गढ़ में सपा उम्मीदवार की घोषणा से नाराज हैं। बुधवार को एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि गठबंधन इस तरह नहीं चलता, इसमें आपसी सम्मान और गरिमा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के बीच बातचीत जारी रहने के बावजूद सपा उम्मीदवारों की सूची मीडिया में जारी कर रही है। सपा की ओर से 26 सीटें दिए जाने की पेशकश पर भी उन्होंने असहमति जताई। इमरान मसूद ने 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश की 37 सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में दोनों दलों के योगदान और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।
राजीव राय ने इमरान मसूद के बयानों पर किया पलटवार
इमरान मसूद की बयानबाजी पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि उसके नेता इस तरह के बयान क्यों दे रहे हैं। राजीव राय ने 2017 के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी सीटों को लेकर इसी तरह की परिस्थितियां बनी थीं और उसका नतीजा सरकार गिरने के रूप में सामने आया था। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व समझदार है और उनका मुख्य लक्ष्य भाजपा को हराना है। राजीव राय ने साफ कहा, ''मेरी सलाह है कि मीडिया में बार-बार बयान देने से केवल भाजपा को ही फायदा होता है।''
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)