बांदा में 26 नवंबर से पांच दिन कथा होगी:इंद्रेश जी महाराज सुनाएंगे भक्त चरित्र कथा, जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजन
बांदा में 26 से 30 नवंबर तक पांच दिवसीय भक्त चरित्र कथा होगी। कथावाचक इंद्रेश जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा सुनाएंगे। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने शनिवार दोपहर 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तारीख, तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान बांदा ने पहले सितंबर में कथा कराने की योजना बनाई थी। इसके लिए जुलाई और अगस्त में बैठकें हुई थीं। लगातार बारिश और गांवों में जलभराव के कारण तारीख आगे बढ़ाई गई। उस समय दिन-रात बारिश के चलते कथा के आयोजन में दिक्कत आने की आशंका थी। इसलिए इंद्रेश जी महाराज से तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया। उन्होंने 26 से 30 नवंबर तक का समय दिया। कथा पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज परिसर में होगी। रोज दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक कथा चलेगी। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए एक बड़ा और दो छोटे पंडाल बनाए जा रहे हैं। आयोजन स्थल पर टेंट और पंडाल लगाने का काम शुरू हो चुका है। पांचों दिन कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भंडारे की व्यवस्था रहेगी। कथा शुरू होने से एक दिन पहले, 25 नवंबर को सुबह 11 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समिति पंडाल, बैठने और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रही है। प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि इंद्रेश जी महाराज देश-विदेश में कथा करते हैं और उनका कार्यक्रम व्यस्त रहता है। उन्होंने कहा कि महाराज का बांदा में पांच दिन का समय देना यहां के श्रद्धालुओं और सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए सौभाग्य की बात है। द्विवेदी ने बताया कि कथा कराने को लेकर कुछ महीने पहले चर्चा शुरू हुई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)