बांदा में बच्चों की हत्या के मामले में पूछताछ:4 आरोपितों से SIT ने पूछे 11 सवाल, 3 नए नाम आए सामने

Oct 29, 2026 - 20:19
0
बांदा में बच्चों की हत्या के मामले में पूछताछ:4 आरोपितों से SIT ने पूछे 11 सवाल, 3 नए नाम आए सामने
बांदा के नंदवारा गांव में दो मासूम बच्चों की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को जेल से कस्टडी रिमांड पर लाए गए 4 आरोपितों से पूछताछ की। नरैनी कोतवाली में एसआईटी समेत चार टीमों ने करीब छह घंटे तक आरोपितों से सवाल-जवाब किए। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में तीन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब तक जुटाए गए सबूतों से आरोपितों के जवाबों का मिलान कर रही है। जांच टीम ने बच्चों के बगीचे में मिलने, उन्हें पकड़ने और सिर भिड़ाकर हत्या किए जाने से जुड़े 11 सवाल पूछे। हालांकि, पुलिस आरोपितों को घटनास्थल पर नहीं ले गई और न ही सीन रिक्रिएशन कराया गया। सामने आए तीन लोगों की भूमिका की भी जांच किए जाने की संभावना है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने खुद को निर्दोष बताते हुए राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने पहले दिए गए बयानों को ही दोहराया है। नरैनी क्षेत्र के नंदवारा गांव में 30 सितंबर को भइयाराम के बेटे मनोज (6) और युवराज (4) के शव पानी से भरे गड्ढे में मिले थे। मामले में 9 लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस अब तक 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रकरण की जांच के लिए 7 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। विवेचक प्रताप सिंह गुरुवार को चार आरोपितों भवानीदीन, उसके बेटे अखिलेश, सुरेंद्र नेता और रामप्रसाद लंबरी को मंडल कारागार से नरैनी कोतवाली लाए थे। ये सभी दो अक्टूबर से जेल में बंद हैं। अदालत ने 27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक छह घंटे की कस्टडी रिमांड मंजूर की थी। पूछताछ पूरी होने के बाद चारों को जेल प्रशासन के हवाले कर दिया गया। सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि जरूरत पड़ने पर आरोपितों को दोबारा रिमांड पर लिया जा सकता है। अगली रिमांड में महेंद्र पाल वर्मा और हिस्ट्रीशीटर शेरा से भी पूछताछ की जा सकती है। पुलिस अब तक मिले सबूतों की पुष्टि कर रही है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि रिमांड पर लिए गए आरोपितों ने पहले कही गई बातों को ही दोहराया है। जांच पूरी करके जल्द ही न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User