बात नहीं कर रही थी इसलिए मार डाला:प्रयागराज में चेहरा कूंचकर पत्नी की हत्या करने वाला पुलिस से बोला

Nov 07, 2026 - 13:46
0
बात नहीं कर रही थी इसलिए मार डाला:प्रयागराज में चेहरा कूंचकर पत्नी की हत्या करने वाला पुलिस से बोला
प्रयागराज के पूरामुफ्ती में पत्नी की हत्या के आरोपी पति ने पुलिस पूछताछ में वारदात की पूरी कहानी बताई है। उसने बताया कि पत्नी से एक दिन पहले उसका जमकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने पूरे दिन उससे बात नहीं की। गुरुवार रात उसने खुद पत्नी से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन वह उसका हाथ झटककर दूसरे कमरे में चली गई। इससे गुस्से में आकर वह घर से बाहर चला गया और शराब पी। नशे में धुत होकर वापस लौटा तो पत्नी सो रही थी। उसे देखते ही फिर गुस्सा आ गया। कमरे में रखा सिलबट्टा उठाया और उसके चेहरे पर वार कर दिया। पत्नी चीखने लगी तो उसने ताबड़तोड़ कई वार किए। जब वह बेदम हो गई तो उसे वहीं छोड़कर भाग निकला। घटना पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदरा गांव की है। यहां गुरुवार रात करीब 2:30 बजे सुमन कुमार उर्फ भैया लाल पासी ने अपनी पत्नी विजमा देवी (28) की सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी थी। वार इतने गंभीर थे कि महिला का चेहरा बुरी तरह कुचल गया था। उसके माथे और आंखों के आसपास कई चोटें आई थीं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। 'मैंने बात करने की कोशिश की, लेकिन वह दूसरे कमरे में चली गई' पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया, "एक दिन पहले मेरी पत्नी से जमकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने पूरे दिन मुझसे बात नहीं की। गुरुवार रात मैंने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह दूसरे कमरे में चली गई। इस पर मुझे गुस्सा आ गया और मैं घर से बाहर चला गया। वहां मैंने शराब पी।" 'सोते हुए देखा तो फिर गुस्सा आ गया' आरोपी ने आगे बताया, "मैं शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा तो विजमा सो रही थी। उसे देखते ही मुझे फिर गुस्सा आ गया। मैंने कमरे में रखा सिलबट्टा उठाया और उसके चेहरे पर मार दिया। वह लहूलुहान होकर चीखने लगी तो मैंने ताबड़तोड़ कई वार किए। जब वह बेदम हो गई तो मैं उसे वहीं छोड़कर भाग निकला।" दो साल से चल रहा था विवाद पूरामुफ्ती एसओ शांतनु सिंह के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच करीब दो साल से विवाद चल रहा था। जांच में पता चला कि महिला पति के भतीजे से बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर पति उससे नाराज रहता था। आरोपी ने भी पूछताछ में इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होने की बात बताई है। विजमा की शादी करीब 10 साल पहले मंदरा गांव निवासी सुमन कुमार से हुई थी। वह मूल रूप से कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव की रहने वाली थी। दंपती के तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें बड़ी बेटी चार साल की है, जबकि अन्य दो बच्चों की उम्र तीन और दो साल है। तीन दिन पहले मायके से लौटी थी महिला पुलिस के अनुसार, घटना से तीन दिन पहले ही सुमन अपनी पत्नी को मायके से वापस लेकर आया था। गुरुवार रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ने मायके वालों को घटना की सूचना दी। इसके बाद पिता रामभवन समेत परिवार के अन्य लोग पहुंचे। मायके पक्ष ने ससुराल के अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूरामुफ्ती थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या में ससुरालपक्ष के अन्य लोग भी शामिल हैं। ऐसे में उनकी भी गिरफ्तारी की जाए। इस मामले में एसओ शांतनु सिंह ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने खुद बताया है कि उसने अकेले ही वारदात अंजाम दी। मायकेवालों के आरोप के संबंध में कोई साक्ष्य नहीं मिला है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User