बदायूं में बसों के अलग-अलग होंगे आने-जाने के रास्ते:जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस ने तैयार किया प्लान, परिवहन विभाग के साथ होगी बैठक

Nov 07, 2026 - 08:46
0
बदायूं में बसों के अलग-अलग होंगे आने-जाने के रास्ते:जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस ने तैयार किया प्लान, परिवहन विभाग के साथ होगी बैठक
बदायूं शहर में रोडवेज और प्राइवेट बसों की वजह से लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने बसों के संचालन के लिए वनवे ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत बसें शहर में निर्धारित रास्ते से रोडवेज डिपो पहुंचेंगी, जबकि डिपो से निकलने के बाद दूसरे रास्ते से अपने गंतव्य की ओर जाएंगी। शहर में भगवान परशुराम चौक, पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा, पुरानी चुंगी, नवादा और लालपुल पर अक्सर जाम लगता है। सुबह स्कूल-कॉलेज खुलने और दोपहर में छुट्टी के समय स्थिति और बिगड़ जाती है। प्रस्तावित प्लान के मुताबिक बरेली और मुरादाबाद रूट की बसें रोडवेज डिपो से निकलकर पुलिस लाइन चौराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, लालपुल और बहेड़ी मोड़ होते हुए बाइपास पहुंचेंगी। यहां से नवादा होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगी। वहीं, इन रूटों से बदायूं आने वाली बसें नवादा की तरफ से शहर में प्रवेश करेंगी। इसके बाद पुरानी चुंगी और दातागंज तिराहा होते हुए रोडवेज डिपो पहुंचेंगी। मेरठ हाईवे की बसों के लिए भी तय होगा अलग रास्ता मेरठ हाईवे की ओर जाने वाली बसें बहेड़ी मोड़ से डायवर्ट होकर नवादा और दातागंज तिराहा होते हुए रोडवेज डिपो पहुंचेंगी। पुलिस का मानना है कि बसों के प्रवेश और निकास के रास्ते अलग होने से प्रमुख चौराहों पर वाहनों का दबाव कम होगा। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में मदद मिलेगी। दीपावली बाद परिवहन अधिकारियों के साथ होगी बैठक एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि शहर में जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है। दीपावली के बाद एआरटीओ और परिवहन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था पर सहमति बनाई जाएगी। प्राइवेट बस ऑपरेटरों से भी बातचीत होगी। इसके बाद प्लान लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था से बसों के लिए आने और जाने के रास्ते अलग-अलग हो जाएंगे और शहर में जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User