संभल में प्रधान पद के दावेदारों के समर्थक भिड़े:पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया; SO ने पत्थरबाजी और फायरिंग से इंकार किया
संभल के बिजुआ नगला गांव में प्रधान पद के दो दावेदारों और उनके समर्थकों के बीच झड़प हो गई। घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। थाना प्रभारी ने पत्थरबाजी और फायरिंग से इनकार किया है। यह गांव गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में है। ललतेश पुत्र रामकुंवर और मनपाल पुत्र प्रेमपाल प्रधान पद के दावेदार हैं। गांव की आबादी करीब 7,000 और मतदाताओं की संख्या 1,500 बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच करीब 20 साल से चुनावी रंजिश चली आ रही है। ललतेश के पिता 2005 के आसपास प्रधान बने थे, लेकिन तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनकी मृत्यु हो गई थी। गांव में इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार झगड़े हो चुके हैं। झड़प में ललतेश पक्ष के हरिजीत, अशोक, सत्यपाल, किशनपाल, रामपाल, जसवीर और ओमदेव शामिल थे। मनपाल पक्ष से दुर्वेश, लक्ष्मी, वीरेश, प्रेमपाल, अमरीश, जुगेंद्र और मुकुट सिंह के नाम सामने आए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस टीम भेजी गई थी और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में झगड़े के वीडियो सामने आए हैं। इनमें कुछ लोग छतों पर दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में फायरिंग जैसी आवाज भी सुनाई दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)