शीतकालीन यात्रा में भी रजिस्ट्रेशन करवाने की तैयारी में सरकार:2025 में पहुंचे थे 50 हजार श्रद्धालु, पर्यटन सचिव बोले- डाटा तैयार करने में मदद मिलेगी

Nov 12, 2026 - 14:58
0
शीतकालीन यात्रा में भी रजिस्ट्रेशन करवाने की तैयारी में सरकार:2025 में पहुंचे थे 50 हजार श्रद्धालु, पर्यटन सचिव बोले- डाटा तैयार करने में मदद मिलेगी
चारधाम यात्रा का मुख्य सीजन अब समाप्त होने जा रहा है, लेकिन श्रद्धालु सर्दियों में भी चारों धामों के दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें ऊंचाई पर स्थित मंदिरों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। शीतकाल में चारों धामों की उत्सव डोलियां अपने-अपने प्रवास स्थलों पर पहुंचेंगी, जहां अगले छह महीने तक पूजा-अर्चना और दर्शन होंगे। इधर, उत्तराखंड सरकार शीतकालीन यात्रा को व्यवस्थित करने के लिए पहली बार पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है। चारधाम यात्रा की तरह ही शीतकाल में आने वाले श्रद्धालुओं का भी रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के पास यह जानकारी रहेगी कि किस प्रवास स्थल पर कितने श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हालांकि, शीतकालीन यात्रा में चारधाम यात्रा की तुलना में भीड़ कम रहती है। इसलिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं होगा। पर्यटन विभाग इस व्यवस्था को सुरक्षा के लिहाज से लागू करने पर विचार कर रहा है। पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के मुताबिक, इससे शीतकालीन यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी और डाटा तैयार करने में मदद मिलेगी। चारों धामों के कपाट कब बंद हुए, अब कहां होंगे दर्शन? चारधाम यात्रा में गंगोत्री के कपाट 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व पर दोपहर 12:05 बजे बंद हुए। इसके बाद 11 नवंबर को भाई दूज पर केदारनाथ के कपाट सुबह 8:30 बजे और यमुनोत्री के कपाट सुबह 10:28 बजे बंद किए गए। अब 16 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट रात 9:37 बजे बंद होंगे। इसके साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा का मुख्य सीजन समाप्त हो जाएगा। इसके बाद चारों धामों की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होगी। शीतकाल में कहां होंगे दर्शन, कैसे पहुंचें? 1. मुखबा में मां गंगा के दर्शन गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा गांव पहुंचती है। यहां मां गंगा की पूजा-अर्चना और दर्शन होते हैं। मुखबा उत्तरकाशी जिले में हर्षिल के पास स्थित है। 2. खरसाली में मां यमुना की पूजा यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली पहुंचती है। उत्तरकाशी जिले में स्थित खरसाली को मां यमुना का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है। यहां श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। 3. ऊखीमठ में बाबा केदार के दर्शन केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचती है। यहां अगले छह महीने तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना होती है। इस साल 11 नवंबर को कपाट बंद होने के बाद डोली रामपुर पहुंची। 12 नवंबर को गुप्तकाशी में रात्रि विश्राम और 13 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचने का कार्यक्रम है। 4. ज्योतिर्मठ और पांडुकेश्वर में बदरीविशाल की पूजा बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होने के बाद भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन पूजा की व्यवस्था ज्योतिर्मठ और पांडुकेश्वर में होगी। ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर में शंकराचार्य की गद्दी और पांडुकेश्वर में उद्धव जी की पूजा-अर्चना होगी। 2024 में 73 हजार से अधिक, 2025 में 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद शीतकाल में चारों धामों के प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ाने के प्रयास किए गए। वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे। वहीं, 2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सरकार का प्रयास है कि चारधाम यात्रा के छह महीने के सीजन के बाद भी प्रदेश में धार्मिक पर्यटन जारी रहे। इससे शीतकाल में भी स्थानीय कारोबारियों, होटल संचालकों, होमस्टे और टैक्सी कारोबार से जुड़े लोगों को रोजगार मिल सकेगा। चारधाम यात्रा में क्यों अनिवार्य किया गया था रजिस्ट्रेशन? चारधाम यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या, उनकी यात्रा की तारीख और संबंधित धाम की जानकारी प्रशासन के पास होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से चारधाम यात्रा में पंजीकरण व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत श्रद्धालु ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद QR कोड वाला यात्रा प्रमाणपत्र जारी होता है। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर इसकी जांच और सत्यापन किया जाता है। पर्यटन सचिव बोले- सुरक्षा के लिहाज से तैयार होगा डाटा पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण की व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा की तुलना में शीतकालीन यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या कम होती है। इसे देखते हुए पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा। इसका उद्देश्य सुरक्षा के लिहाज से श्रद्धालुओं की जानकारी और डाटा तैयार करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User