लखनऊ में कल होगा दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण:राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन, 72 साल पूरे होने पर मनाया जा रहा नवदशकोत्सव
लखनऊ के सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन में नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन तैयार किया गया है। रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शुक्रवार को इसका लोकार्पण करेंगे। समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी शामिल होंगे। यह जानकारी गुरुवार को गुलजार उपवन में आयोजित प्रेस वार्ता में ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब-जोन इंचार्ज राजयोगिनी बीके राधा दीदी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में संस्था की आध्यात्मिक सेवाओं के 72 साल पूरे होने पर नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण इसी आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों होंगी यहां समय-समय पर आध्यात्मिक कार्यक्रम और राजयोग सत्र आयोजित होंगे। आम लोगों को निशुल्क राजयोग प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके जरिए लोगों को दैनिक जीवन में आध्यात्मिकता अपनाने, मन की शांति, सकारात्मकता और श्रेष्ठ संस्कारों को विकसित करने का मार्गदर्शन मिलेगा। दो हजार लोगों की क्षमता का ऑडिटोरियम बनेगा राधा दीदी ने बताया कि भवन का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। अगले चरण में करीब दो हजार लोगों की क्षमता वाला विशाल ऑडिटोरियम और लगभग 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। इससे गुलजार उपवन आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। आंतरिक विचारों को सकारात्मक बनाना जरूरी राधा दीदी ने कहा कि लोग बाहरी जीवन को बेहतर बनाने के लिए काफी प्रयास करते हैं, लेकिन सुखी जीवन के लिए आंतरिक विचारों का परिष्करण भी जरूरी है। आज के बिगड़ते सामाजिक वातावरण में मानवीय और श्रेष्ठ संस्कारों को जागृत करना समय की मांग है। राजयोग ध्यान से मन को सकारात्मक बनाकर सुख, शांति और प्रसन्नता का अनुभव किया जा सकता है। सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण रक्षा मंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) और सहायक पुलिस आयुक्त ने गुलजार उपवन का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की है। लोकार्पण समारोह में ओम शांति रिट्रीट सेंटर दिल्ली की निदेशक राजयोगिनी बीके आशा दीदी, ब्रह्माकुमारीज प्रयागराज की सब-जोन इंचार्ज राजयोगिनी बीके मनोरमा दीदी और ब्रह्माकुमारीज माउंट आबू के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके मृत्युंजय भाई भी मौजूद रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)