भाजपा विधायक का कांग्रेस सांसद के बयान पर पलटवार:नंदकिशोर गुर्जर बोले- दीपावली पर प्रदूषण की चिंता है तो बकरीद पर भी बोलें इमरान मसूद
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दीपावली पर दिए बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। गाजियाबाद की लोनी सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इमरान मसूद पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर दीपावली पर प्रदूषण की चिंता है और त्योहार को रोग बताया जा रहा है तो बकरीद पर होने वाली कुर्बानी और उससे जुड़े प्रदूषण पर भी बात होनी चाहिए। गुर्जर ने सवाल उठाया कि ईद पर बड़ी संख्या में पशुओं की कुर्बानी और मुहर्रम समेत दूसरे त्योहारों के दौरान होने वाली गतिविधियों पर प्रदूषण को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग चुनिंदा मुद्दों पर बोलते हैं और सनातन धर्म के त्योहारों को निशाना बनाते हैं। इसे उन्होंने सनातन धर्म के प्रति नफरत की मानसिकता बताया। इकरा हसन और टीएमसी नेताओं के बयानों पर भी जताई आपत्ति भाजपा विधायक ने कैराना सांसद इकरा हसन, केरल की एक सांसद और तृणमूल कांग्रेस से जुड़े नेताओं के बयानों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सनातन धर्म के खिलाफ बयान दिए जा रहे हैं। देवबंद के आसपास के कुछ मौलानाओं का जिक्र करते हुए गुर्जर ने आरोप लगाया कि वे लोगों के मन में सनातन धर्म के खिलाफ नफरत फैलाते हैं और गजवा-ए-हिंद का सपना देखते हैं। ये आरोप उन्होंने अपने राजनीतिक बयान में लगाए। कारसेवकों पर गोलीबारी के मुद्दे पर सपा को घेरा सपा नेता सनातन पांडेय के कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना को सही ठहराने से जुड़े बयान की भी गुर्जर ने आलोचना की। उन्होंने सवाल किया कि यदि कारसेवा के दौरान उनके परिवार का कोई सदस्य मारा गया होता तो क्या वे तब भी गोलीबारी की घटना को सही ठहराते? विधायक ने कहा कि किसी भी तरह के कत्लेआम को सही ठहराने वाली सोच का विरोध होना चाहिए। उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेताओं मुलायम सिंह यादव और रामगोपाल यादव के बयानों पर भी नाराजगी जताई। मां जानकी और भगवान राम पर टिप्पणी को लेकर कीर्ति आजाद पर निशाना टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद की ओर से मां जानकी और भगवान श्रीराम को लेकर की गई टिप्पणी पर भी नंदकिशोर गुर्जर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन किए बिना भगवान के चरित्र पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। महर्षि वाल्मीकि की रामायण में वर्णित प्रसंगों को समझने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मग्रंथों की सही जानकारी के अभाव में इस तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं। मुगलकाल, औरंगजेब और नालंदा का भी किया जिक्र अपने बयान में गुर्जर ने नालंदा विश्वविद्यालय, मुगलकाल और औरंगजेब का भी जिक्र किया। उन्होंने मुगल और अंग्रेजी शासन के दौरान धार्मिक ग्रंथों के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतिहास और धार्मिक परंपराओं को समझे बिना किसी भी विषय पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। भाजपा विधायक ने कहा कि देश की जनता सभी नेताओं के बयानों पर नजर रख रही है। राजनीतिक दलों के नेता किस मुद्दे पर क्या बोलते हैं, इसका हिसाब जनता रखती है और आने वाले समय में जनता ही ऐसे बयानों का जवाब देगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)