विधान सभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटा आजमगढ़ प्रशासन:जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण, 34 अधिकारी रहे अनुपस्थित

Nov 11, 2026 - 21:13
0
विधान सभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटा आजमगढ़ प्रशासन:जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण, 34 अधिकारी रहे अनुपस्थित
आजमगढ़ में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर बुधवार को हरिऔध कला केंद्र में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और निर्वाचन संबंधी दायित्वों के कुशल निर्वहन की जानकारी दी गई। वहीं प्रशिक्षण कार्यक्रम में 5 जोनल मजिस्ट्रेट और 29 सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत कुल 34 अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक तथा जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, पहुंच मार्ग, संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों की पूरी जानकारी रखें और किसी भी समस्या या संवेदनशील स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें। अपर पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, पुलिस व्यवस्था और आपसी समन्वय के संबंध में जानकारी दी। जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने निर्वाचन संबंधी प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। 34 अधिकारियों की गैरहाजिरी पर सीडीओ नाराज प्रशिक्षण कार्यक्रम में 5 जोनल मजिस्ट्रेट और 29 सेक्टर मजिस्ट्रेट अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहना गंभीर विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User