बिजली पोल तार मरम्मत सिंचाई व्यवस्था मांग:पांच-छह घंटे बिजली मिलने से सिंचाई प्रभावित, किसानों ने पंचायत में जताई नाराजगी
जालौन में भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत शनिवार को गल्ला मंडी सभागार में फूलसिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें किसानों ने बिजली आपूर्ति, खाद की किल्लत, अन्ना गोवंश और नहरों की सफाई से जुड़ी समस्याएं उठाईं। किसानों ने निजी नलकूपों के लिए कम से कम 15 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की। राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि निजी नलकूपों को प्रतिदिन पांच से छह घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। शासनादेश के अनुसार आपूर्ति नहीं की जा रही है। आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली के पोल और तार भी अब तक दुरुस्त नहीं कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि बुआई के बाद फसलें उगने लगी हैं, लेकिन अन्ना गोवंश पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। गोवंश खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिलाध्यक्ष डॉ. द्विजेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकारी बैठकों में जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा करते हैं, जबकि किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। निजी दुकानदार मनमाने दामों पर खाद बेच रहे हैं। उन्होंने ऐसी दुकानों की जांच कराकर दोषी दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। उन्होंने नहर विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नहरों की सफाई की जांच कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पंचायत में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से कार्रवाई की मांग की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)