चक्रवात का असर बादलों और बूंदाबांदी से बदला मौसम:AQI 260 पहुंचा; 23 नवंबर से बढ़ेगी ठंड
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के अवशेष का असर पूर्वांचल के मौसम पर दिखने लगा है। वाराणसी में पिछले 24 घंटे से आसमान में बादल छाए हुए हैं। रविवार सुबह भी बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम में बदलाव आया है। हालांकि, बादलों के कारण तापमान में फिलहाल बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के संकेत हैं। रविवार सुबह वाराणसी का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि वातावरण में नमी 83 प्रतिशत दर्ज की गई। इस बीच शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 260 पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में है। ऐसे में मौसम में नमी और प्रदूषण का असर भी लोगों को परेशान कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के अवशेष उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में केंद्रित हैं। इसके प्रभाव से पूर्वांचल के दक्षिणी हिस्सों में छिटपुट बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में थोड़ी और वृद्धि हो सकती है। 23 नवंबर से बढ़ेगी ठंड, कोहरे का भी अलर्ट मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 23 नवंबर से मौसम में एक बार फिर बदलाव आएगा। न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। तापमान गिरने के साथ ही सुबह के समय कोहरे का घनत्व भी बढ़ेगा। पूर्वांचल के कई इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है। इससे सुबह आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। खासकर हाईवे और ग्रामीण इलाकों में दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। फसलों पर क्या होगा असर मौसम में आए इस बदलाव का असर रबी की फसलों पर भी पड़ सकता है। खेतों में खड़ी और बोई जा रही गेहूं की फसल के लिए हल्की नमी फायदेमंद हो सकती है। इससे मिट्टी में नमी बनी रहेगी और शुरुआती सिंचाई की जरूरत कुछ कम हो सकती है। हालांकि, जिन खेतों में पहले से पर्याप्त नमी है, वहां किसानों को फिलहाल सिंचाई करने से बचना चाहिए। सरसों, चना, मटर और मसूर की फसलों के लिए भी मौसम में बदलाव महत्वपूर्ण है। अधिक नमी और लगातार बादल रहने से सरसों में माहू (चेपा) और फफूंदजनित रोगों की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे में किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करनी चाहिए। खेतों में जलभराव न होने दें और मौसम साफ होने के बाद ही जरूरत के अनुसार कृषि कार्य करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)