बरेली जोन पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज:SSP ने की बल्लेबाजी, ASP शिवम आशुतोष की तूफानी पारी, बरेली और अमरोहा ने जीते मुकाबले
रिजर्व पुलिस लाइन बरेली स्थित परेड ग्राउंड पर शनिवार को 27वीं अंतर्जनपदीय बरेली जोन पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एसएसपी अनुराग आर्य ने सुबह करीब 10 बजे मैदान पर बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। लीग पद्धति पर आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में बरेली जोन के सभी 9 जनपदों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन दो अलग-अलग मैदानों पर कुल तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए। शेखर मलिक की घातक गेंदबाजी से मुरादाबाद ने बदायूं को पांच विकेट से हराया
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड पर मुरादाबाद और बदायूं के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी मुरादाबाद की टीम ने बदायूं को 16 ओवर में 119 रनों पर समेट दिया। बदायूं की ओर से अमन त्यागी ने 47 और सुधाकर ने 24 रन बनाए, जबकि मुरादाबाद के शेखर मलिक ने चार ओवर में 17 रन देकर चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुरादाबाद ने 15.1 ओवर में 123 रन बनाकर पांच विकेट से मैच जीत लिया। बदायूं के अमन त्यागी ने तीन विकेट लिए, लेकिन शानदार गेंदबाजी के लिए शेखर मलिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। एएसपी शिवम आशुतोष की तूफानी पारी, बरेली ने पीलीभीत को 30 रनों से दी शिकस्त
रिजर्व पुलिस लाइन में खेले गए दूसरे मुकाबले में बरेली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में 178 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बरेली की ओर से सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष ने महज 46 गेंदों पर आठ चौकों और पांच गगनचुंबी छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 87 रन बनाए। पीलीभीत के अभिषेक सिरोही ने तीन विकेट लिए। जवाब में पीलीभीत की टीम 18 ओवर में नौ विकेट खोकर 148 रन ही बना सकी, जिसमें सलमान समीद ने 15 गेंदों पर 41 रन बनाए। बरेली के अवनीश चपराना और कपिल राणा ने तीन-तीन विकेट लिए। बरेली ने 30 रनों से मुकाबला जीता और शिवम आशुतोष मैन ऑफ द मैच बने। चेतन और अतुल के अर्धशतकों से अमरोहा ने शाहजहांपुर को नौ विकेट से रौंदा
तीसरा मैच सीबी गंज स्थित खुसरो ग्राउंड पर शाहजहांपुर और अमरोहा के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शाहजहांपुर ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए, जिसमें शौर्य कसाना ने 68 और विकास वैष्णव ने 44 रनों का योगदान दिया। अमरोहा के नितिन लाकड़ा ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमरोहा की टीम ने महज 14.2 ओवर में एक विकेट खोकर 173 रन बनाते हुए नौ विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। चेतन ने 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 74 रन और अतुल चौधरी ने 54 रन बनाए। शाहजहांपुर के लिए एकमात्र विकेट विशाल मलिक ने लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए अतुल चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजन में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में दर्शक रहे मौजूद
इस अवसर पर परेड ग्राउंड में एसपी उत्तरी संतोष कुमार, एसपी अपराध मनीष सोनकर, एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान, एएसपी व सीओ लाइन शिवम आशुतोष, सीओ मधुप कुमार सिंह, सीओ अभिसूचना विजय कुमार राणा और सीओ सुनीता दहिया सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक जगदीश सिंह पाटनी और अमरीक सिंह ने किया, जबकि संपूर्ण व्यवस्था प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह द्वारा संभाली गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)