बरेली में अवैध जुगाड़ वाहनों पर चलेगा अभियान:जाम वाले चौराहों की सूची बनेगी, जरूरत पर वन-वे लागू होगा

Nov 28, 2026 - 20:58
0
बरेली में अवैध जुगाड़ वाहनों पर चलेगा अभियान:जाम वाले चौराहों की सूची बनेगी, जरूरत पर वन-वे लागू होगा
बरेली के माधोबाड़ी में जुगाड़ वाहन की टक्कर से ढाई साल की बच्ची की मौत के बाद पुलिस बिना रजिस्ट्रेशन और परमिट वाले वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। शहर के जाम वाले चौराहों और फ्लाईओवर के आसपास यातायात सुधारने की योजना भी बनेगी। डीआईजी मुनिराज जी ने शनिवार को रेंज कार्यालय में एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान और एएसपी शिवम आशुतोष सिंह के साथ बैठक की। उन्होंने यातायात सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बाइक के इंजन से बने जुगाड़ वाहन शहर में यातायात के लिए चुनौती बने हुए हैं। तीन पहिया ठेलों और रिक्शों में बाइक का इंजन लगाकर ये वाहन बनाए जाते हैं। इनका रजिस्ट्रेशन और परमिट नहीं होता। श्यामगंज, नरकुलागंज, कालीबाड़ी और माधोबाड़ी जैसे व्यस्त इलाकों में इनकी आवाजाही रहती है। इन वाहनों पर क्षमता से ज्यादा सामान लादकर भीड़भाड़ वाली सड़कों पर चलाया जाता है। रजिस्ट्रेशन नंबर न होने से आईसीसीसी के कैमरों से इनका चालान भी नहीं हो पाता। पुलिस इनके खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करेगी। डीआईजी ने शहर की पूरी यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए। लगातार जाम वाले रास्तों और चौराहों की पहचान कर सूची बनाई जाएगी। जरूरत के हिसाब से कुछ रास्तों को वन-वे करने का प्रस्ताव तैयार होगा। चौराहों के आसपास बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाने और यातायात का दबाव कम करने के कदम भी उठाए जाएंगे। शहर में सुबह से शाम तक लगने वाले जाम से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को परेशानी होती है। कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में भी काफी समय लगता है। माधोबाड़ी की घटना के बाद पुलिस को अवैध जुगाड़ वाहनों पर रोक लगाने और जाम कम करने, दोनों पर काम करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User