मथुरा के होटल में यात्री अचेत मिला, मौत:कमरे के पास मिले नशीले पदार्थ के खाली खोखे, राजस्थान का था निवासी
मथुरा के गोवर्धन में बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ठहरे राजस्थान के एक यात्री की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह कमरे में अचेत अवस्था में मिले थे और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के अलवर जिले के किशनगढ़ निवासी नरेंद्र सिंह गोवर्धन में बस स्टैंड के पास एक होटल में ठहरे थे। शनिवार सुबह जब होटल कर्मचारी चेक आउट की प्रक्रिया के लिए उनके कमरे पर पहुंचे, तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका पर कर्मचारियों ने जांच की, तो नरेंद्र सिंह कमरे में अचेत पड़े मिले। बताया जा रहा है कि कमरे के पास नशीले पदार्थ के खाली खोखे भी बरामद हुए हैं। होटल कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नरेंद्र सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उनके पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान व पते की पुष्टि की और राजस्थान में परिजनों को घटना की सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज पुलिस का कहना है कि नरेंद्र सिंह की मौत के सही कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस होटल स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)