बरेली पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल:एसएसपी अनुराग आर्य ने आठ सीओ के कार्यक्षेत्र बदले
बरेली में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी द्वारा जारी तबादला सूची में छह सीओ के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जबकि दो अधिकारियों को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। जिले में बाहर से आए तीन नवागत सीओ को भी महत्वपूर्ण सर्किलों की जिम्मेदारी दी गई है। सीओ अजय कुमार और आशुतोष शिवम को मिली नई जिम्मेदारी
आदेश के तहत मीरगंज के सीओ रहे अजय कुमार को अब सीओ नगर-द्वितीय और साइबर सेल की कमान सौंपी गई है। वे अब सुभाषनगर, किला और सीबीगंज थानों की कानून-व्यवस्था देखेंगे, जबकि सीओ नगर-प्रथम उनके लिंक अधिकारी होंगे। वहीं, अभी तक सीओ नगर-प्रथम की जिम्मेदारी संभाल रहे आशुतोष शिवम को सीओ बहेड़ी बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में बहेड़ी, शीशगढ़, देवरनियां और शेरगढ़ थाने शामिल रहेंगे, और सीओ मीरगंज उनके लिंक अधिकारी बनाए गए हैं। तीन नवागत सीओ को सौंपे गए अहम सर्किल
जनपद में आमद कराने वाले तीन नवागत पुलिस उपाधीक्षकों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नवागत सीओ सुनीता दहिया को मीरगंज का नया सीओ बनाया गया है, जो मीरगंज, सिरौली और शाही थानों का पर्यवेक्षण करेंगी। नवागत सीओ यादवेंद्र यादव को हाईवे और अपराध शाखा का सीओ नियुक्त किया गया है, जिनके पास भोजीपुरा, बिथरी चैनपुर और फतेहगंज पश्चिमी थानों की जिम्मेदारी रहेगी। इसके अलावा नवागत सीओ मधुप कुमार सिंह को निर्वाचन कार्यालय और आंकिक शाखा का पर्यवेक्षण सौंपा गया है। देवेश सिंह फरीदपुर भेजे गए, दो अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार
अब तक सीओ हाईवे और अपराध का दायित्व संभाल रहे देवेश सिंह को स्थानांतरित कर सीओ फरीदपुर बनाया गया है, जहां वे फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी और भुता थानों की कमान संभालेंगे। इसके साथ ही, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ नगर-तृतीय शिवम आशुतोष को सीओ नगर-प्रथम की नियमित नियुक्ति होने तक इस सर्किल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, सीओ यातायात व यूपी-112 अंजनी कुमार तिवारी को अवकाश पर गए सीओ कार्यालय के वापस लौटने तक उनके दायित्वों का अतिरिक्त निर्वहन करने का आदेश दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)