बरेली में आधी रात दो जगह भीषण आग, मची अफरा-तफरी:मशीनरी की दुकान में जेसीबी से शटर तोड़ा, कैंट विधायक के भवन में भी भड़कीं लपटें
बरेली के थाना कोतवाली क्षेत्र के अयूब खां चौराहे के पास रघुवंशी कॉम्प्लेक्स के सामने बुधवार देर रात करीब 2 बजे गुडविल मशीनरी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान रविंद्र सिंह बिंद्रा की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। लपटें इतनी विकराल थीं कि सिविल लाइंस से दो और परसाखेड़ा स्टेशन से एक अतिरिक्त दमकल गाड़ी को बुलाना पड़ा। दुकान का शटर बंद होने से राहत कार्य में भारी दिक्कत आ रही थी, जिसके बाद मौके पर जेसीबी बुलवाकर शटर और दीवार को तोड़ा गया। दमकल कर्मियों ने हाइड्रेंट से पानी भरकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। रामपुर गार्डन में विधायक के भवन में लगी आग
पहली घटना के कुछ ही घंटों बाद, तड़के करीब 3:40 बजे कोतवाली क्षेत्र के ही पीसी आजाद मार्ग (रामपुर गार्डन) स्थित 'श्री बिहारी कुंज' भवन के दूसरे तल पर आग लग गई। यह भवन कैंट विधायक संजीव अग्रवाल का है, जिसे उन्होंने अभिषेक और अभिलाष को किराए पर दे रखा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पूरे फ्लैट से घना धुआं निकल रहा था, जिसे देखते हुए दमकल कर्मी बीए सेट (ब्रीदिंग अपेरटस) पहनकर सीधे दूसरे तल पर पहुंचे और एक होज पाइप लाइन से पानी की बौछार कर आग को पूरी तरह बुझाया। इस घटना में घर में रखा घरेलू सामान जल गया। अफसरों ने मौके पर संभाला मोर्चा
दोनों ही घटनाओं की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (परसाखेड़ा) और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी की। फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य इमारतों और दुकानों में आग फैलने से बच गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)