गेहूं की बुवाई के लिए कृषि विज्ञान केंद्र की सलाह:कहा- समय से बुवाई करें, प्रति बीघा 8 किलो बीज डालें

Nov 11, 2026 - 08:40
0
गेहूं की बुवाई के लिए कृषि विज्ञान केंद्र की सलाह:कहा- समय से बुवाई करें, प्रति बीघा 8 किलो बीज डालें
शामली में गेहूं की फसल से अच्छी पैदावार लेने के लिए सिर्फ महंगा बीज खरीदना काफी नहीं है। बुवाई का सही समय, प्रजाति का चयन, बीज शोधन, संतुलित खाद और खरपतवार पर नियंत्रण भी जरूरी है। इनमें थोड़ी सी लापरवाही किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर भारी पड़ सकती है। रबी सीजन में बेहतर उत्पादन के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र शामली ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी है। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि बुवाई से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर किसान फसल को रोगों और खरपतवार से बचा सकते हैं। 7 से 25 नवंबर तक करें समय से बुवाई गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए बुवाई का समय महत्वपूर्ण है। कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, 7 से 25 नवंबर तक समय से बुवाई की जा सकती है। इस दौरान एचडी-2851, एचडी-2967, एचडी-3043, एचडी-3086, एचडी-3226, डब्ल्यूएच-1105, डब्ल्यूएच-1142, पीबीडब्ल्यू-550 और डीबीडब्ल्यू-187 (करण वंदना), डीबीडब्ल्यू-222 (करण नरेंद्र), डीबीडब्ल्यू-303 (करण वैष्णवी), डीबीडब्ल्यू-332 (करण आदित्य) समेत अन्य उन्नत प्रजातियों का चयन कर सकते हैं। यदि किसी कारण से बुवाई में देरी होती है तो 26 नवंबर से 25 दिसंबर तक पछेती प्रजातियों की बुवाई करने की सलाह दी गई है। इनमें एचडी-2643, एचडी-3059 (पूसा पछेती), एचडी-3271, एचडी-3296, एचडी-3428 (पूसा सूर्या), पीबीडब्ल्यू-509, पीबीडब्ल्यू-590, डब्ल्यूएच-1021, डब्ल्यूएच-1124 और डीबीडब्ल्यू-222 शामिल हैं। समय से बुवाई पर 8, देरी होने पर 10 किलो बीज प्रति बीघा किसानों को बीज की मात्रा का भी ध्यान रखना चाहिए। कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, समय से बुवाई करने पर प्रति बीघा 8 किलोग्राम और देरी से बुवाई करने पर 10 किलोग्राम बीज का प्रयोग करें। हमेशा शुद्ध और प्रमाणित बीज खरीदें। बुवाई से पहले बीज शोधन जरूर करें। इससे काला रतुआ और करनाल बंट जैसे रोगों से बचाव में मदद मिलती है। मिट्टी की जांच के बाद ही डालें खाद अच्छी पैदावार के लिए खेत में संतुलित पोषक तत्व जरूरी हैं। खेत की तैयारी से पहले मिट्टी की जांच कराएं। कृषि विज्ञान केंद्र ने जरूरत के अनुसार 21 प्रतिशत जिंक सल्फेट का प्रयोग करने की सलाह दी है। बुवाई के समय डीएपी, एनपीके, एमओपी, एसएसपी और यूरिया का इस्तेमाल मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों के आधार पर करें। पहली सिंचाई के बाद और दूसरी या तीसरी सिंचाई के बाद भी फसल की जरूरत के अनुसार यूरिया दिया जा सकता है। फसल पीली पड़े तो पहले कारण पहचानें गेहूं की फसल में पीलापन दिखाई देने पर किसान बिना कारण जाने केवल यूरिया का इस्तेमाल न करें। यह पोषक तत्वों की कमी या रोग का संकेत भी हो सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र ने कुछ परिस्थितियों में चिलेटेड जिंक, यूरिया और फफूंदनाशक के घोल का छिड़काव करने तथा 10-12 दिन बाद एनपीके 18:19:18 का स्प्रे करने की सलाह दी है। इसका प्रयोग फसल की स्थिति और कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए। मंडूसी से बचानी है फसल तो समय पर करें नियंत्रण गेहूं की फसल में मंडूसी सहित संकरी और चौड़ी पत्ती वाले खरपतवार पैदावार को प्रभावित करते हैं। इनके नियंत्रण के लिए बुवाई के तुरंत बाद पेंडीमेथालिन और पायरोक्सासल्फोन जैसे खरपतवारनाशियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, बुवाई के 30 से 35 दिन बाद खेत में मौजूद खरपतवार के अनुसार उपयुक्त दवा का छिड़काव करें। मंडूसी में दो से तीन पत्तियां आने पर उसका नियंत्रण करना अधिक प्रभावी रहता है। छिड़काव करते समय इन गलतियों से बचें खरपतवारनाशी का छिड़काव करते समय मिट्टी में पर्याप्त नमी होनी चाहिए। इसके लिए फ्लैट फैन नोजल का इस्तेमाल करें। दवाओं को रेत, यूरिया या मिट्टी में मिलाकर न डालें। टॉपिक और प्यूमा को 2,4-D के साथ मिलाकर छिड़काव न करें। सरसों की मिश्रित फसल वाले खेत में दवा का चयन विशेष सावधानी से करें। बुवाई के 40-42 दिन बाद खरपतवारनाशी का छिड़काव करने से बचें। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने किसानों से अपील की है कि वे प्रमाणित बीज का इस्तेमाल करें, समय के अनुसार प्रजाति चुनें और मिट्टी की जांच के आधार पर खाद डालें। वैज्ञानिक तरीके अपनाकर किसान गेहूं की फसल का बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User