बरेली में बदला मौसम का मिजाज, हल्का कोहरा, गलन बढ़ी:बुधवार सुबह 16 डिग्री रहा तापमान, धूप निकलने के बाद भी ठंड बरकरार, रजाई-कंबल निकले बाहर
बरेली में कई दिनों बाद बुधवार सुबह शहर में हल्का कोहरा देखने को मिला। कोहरे के साथ हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवा और गलन की वजह से धूप का असर बेअसर नजर आया। सुबह के समय तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तापमान गिरने से बढ़ी ठिठुरन, मॉर्निंग वॉक पर कम निकले लोग
बुधवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ रहा। सुबह से ही गलन महसूस होने और रात का पारा गिरने के कारण लोगों को अब रजाई और कंबल की जरूरत पड़ने लगी है। ठंड बढ़ने का असर सुबह की दिनचर्या पर भी दिखा और पार्क व सड़कों पर मॉर्निंग वॉक के लिए आम दिनों के मुकाबले कम लोग निकले। तापमान में लगातार हो रही गिरावट के चलते अब दिन में भी गर्मी का अहसास खत्म हो गया है। आने वाले सप्ताह में और बढ़ेगी सर्दी, छाएगा घना कोहरा
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार के मुताबिक, आने वाले एक सप्ताह में सर्दी का असर और तेज होगा। बरेली और आसपास के इलाकों में कोहरा बढ़ेगा और कई जगहों पर घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी। बढ़ती ठंड के बीच सेहत का रखें ध्यान, बंद कमरे में न जलाएं अंगीठी
CMO डॉ. विश्राम सिंह ने बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भीषण सर्दी पड़ेगी, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और सांस के रोगियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ठंड में निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी लोग गर्म कपड़े पहनें और सुबह के समय नाक व कान अच्छी तरह ढककर ही बाहर निकलें। दिन में भी प्रदूषण और ठंड से बचने के लिए मास्क का उपयोग करें। इसके अलावा, उन्होंने बंद कमरे में हीटर या अंगीठी न जलाने की चेतावनी दी है, क्योंकि इससे सफोकेशन (दम घुटने) और आग लगने का खतरा बना रहता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)