CCSU में छात्र संघ चुनाव तक जारी रहेगा आंदोलन:कुलपति से मिला प्रतिनिधि मंडल, 9 में से 8 मांगों पर सहमति

Oct 29, 2026 - 22:14
0
CCSU में छात्र संघ चुनाव तक जारी रहेगा आंदोलन:कुलपति से मिला प्रतिनिधि मंडल, 9 में से 8 मांगों पर सहमति
मेरठ की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन फिलहाल जारी रहेगा। गुरुवार को छात्र नेताओं की विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक हुई। इसमें छात्रों की ओर से शैक्षणिक और प्रशासनिक सुधार से जुड़ी नौ मांगें रखी गईं। इनमें से आठ मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सहमति जताते हुए उन्हें मंजूर कर लिया, लेकिन छात्रसंघ चुनाव बहाली के मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में आठ मांगों पर सहमति बनने के बावजूद छात्रसंघ चुनाव का मुद्दा अनसुलझा रहने से आंदोलन समाप्त नहीं हुआ। 25 अक्टूबर को शुरू किया था अनिश्चितकालीन धरना छात्रसंघ चुनाव बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने 25 अक्टूबर को विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। धरने के दौरान छात्रों ने कुलपति से वार्ता कराने की मांग उठाई थी। इसके बाद कुलपति से मुलाकात कराने के आश्वासन पर छात्रों ने धरना स्थगित कर दिया था। गुरुवार को कुलपति के साथ बैठक होने के बाद छात्रों ने अपनी मांगें रखीं। चुनाव बहाली तक जारी रहेगा आंदोलन बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक सुधार से संबंधित नौ मांगों पर चर्चा हुई। छात्र नेताओं के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने आठ मांगें स्वीकार कर ली हैं। हालांकि, छात्रसंघ चुनाव बहाली पर सहमति नहीं बनने के कारण छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों के प्रतिनिधित्व का महत्वपूर्ण माध्यम है। जब तक चुनाव बहाली को लेकर निर्णय नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। कुलपति से मुलाकात के दौरान छात्रों के प्रतिनिधि मंडल में छात्र नेता अक्षय बैंसला, आलोक बैंसला, शुभम भड़ाना, शिवम सिंह, दिव्यांश देओल, बादल प्रतिहार, वरदान डेढ़ा, अभिनव त्यागी, शंकर चिकारा, वाशु चौधरी, अंश राजपूत मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User