चित्रकूट में लापता युवक का अधजला शव झाड़ियों में मिला:3 दिन से था गायब, हत्या और पहचान छिपाने के लिए जलाने की आशंका
चित्रकूट के सरधुआ थाना क्षेत्र के अर्की गांव में शुक्रवार को तीन दिन से लापता युवक का अधजला शव मिलने से आक्रोश फैल गया। शव गांव से करीब 500 मीटर दूर नाले के पास झाड़ियों में पड़ा था। परिजनों ने हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने राजापुर-सरधुवा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। तीन नवंबर की रात से लापता था युवक अर्की गांव रहने वाले रामप्रताप प्रजापति ने बताया कि उनका बड़ा भाई शिवनरेश प्रजापति (27) टेंट हाउस में काम करता था। तीन नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे वह काम से लौटकर घर आया और बरामदे में चारपाई पर सो गया। रात करीब तीन बजे रामप्रताप की नींद खुली तो शिवनरेश चारपाई पर नहीं था। पहले परिजनों को लगा कि वह घर के अंदर चला गया होगा, लेकिन सुबह उसकी पत्नी ने बताया कि वह कमरे में भी नहीं आया है। इसके बाद परिजनों और परिचितों ने उसकी तलाश शुरू की। चार नवंबर की शाम थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। नाले के पास झाड़ियों में मिला शव शुक्रवार दोपहर गांव के बाहर नाले के पास एक ग्रामीण ने झाड़ियों के पीछे शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान शिवनरेश के रूप में की। शव अधजली हालत में था। ग्रामीणों और परिजनों ने आशंका जताई कि हत्या के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव जलाया गया। शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राजापुर-सरधुवा मार्ग पर उसे रखकर जाम लगा दिया। एक घंटे से अधिक समय तक पुलिस ग्रामीणों और परिजनों को समझाती रही। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। हत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव किसने जलाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)