चित्रकूट में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता अभियान:एंटी रोमियो टीमों ने दी हेल्पलाइन नंबर व आत्मरक्षा की जानकारी, पंपलेट बांटे

Nov 21, 2026 - 18:05
0
चित्रकूट में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता अभियान:एंटी रोमियो टीमों ने दी हेल्पलाइन नंबर व आत्मरक्षा की जानकारी, पंपलेट बांटे
चित्रकूट में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर शनिवार को मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर छात्राओं, बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना डर पुलिस से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत थाना बहिलपुरवा की टीम ने बौना पुरवा, पहाड़ी पुलिस ने कस्बा पहाड़ी, सरधुवा पुलिस ने कस्बा सरधुवा और भरतकूप पुलिस ने विदार पुरवा स्थित स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कोतवाली कर्वी की टीम ने धनुष चौराहा, बस स्टैंड और मॉल सहित सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से संवाद किया। मऊ पुलिस ने कस्बे में अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। पुलिस टीमों ने बताया कि आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता ली जा सकती है। महिलाओं के लिए 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई। बच्चों की सहायता के लिए 1098 और साइबर ठगी की शिकायत के लिए 1930 नंबर के बारे में बताया गया। गर्भवती महिलाओं के लिए 102 और सामान्य एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर की जानकारी भी दी गई। महिला पुलिसकर्मियों ने गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सुरक्षित रखने के उपाय बताए। अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं से हेल्पलाइन नंबरों का निर्भीक होकर इस्तेमाल करने की अपील की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User