डॉ. संगीता बलवंत भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त:राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर 21 नवंबर को जारी हुआ नियुक्ति पत्र
गाजीपुर की राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय ने 21 नवंबर 2026 को नियुक्ति पत्र जारी कर उनके नाम की घोषणा की। यह नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर हुई।
डॉ. संगीता बलवंत का राजनीतिक सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। वर्ष 1997 में उन्होंने गाजीपुर पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने पंचायत स्तर पर काम किया और जिला पंचायत सदस्य की जिम्मेदारी निभाई।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें गाजीपुर सदर सीट से प्रत्याशी बनाया। जीत के बाद वह पहली बार विधायक बनीं। सितंबर 2021 में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें सहकारिता राज्यमंत्री बनाया गया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार मिली।
वर्ष 2024 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया। चुनाव जीतने के बाद वह संसद के उच्च सदन की सदस्य बनीं। राजनीति के साथ उनकी साहित्य और लेखन में भी रुचि है। उन्होंने पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय रही हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी के तहत वह संगठन को मजबूत करने और पिछड़ा वर्ग के बीच पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाने का काम करेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)