देवरिया में हमले में घायल युवक की मौत:ढाबे के पास लाठी-डंडे और धारदार हथियार से किया था हमला, 9 पर केस

Aug 21, 2026 - 00:45
0
देवरिया में हमले में घायल युवक की मौत:ढाबे के पास लाठी-डंडे और धारदार हथियार से किया था हमला, 9 पर केस
देवरिया में सदर कोतवाली क्षेत्र में गोरखपुर रोड स्थित शर्मा ढाबा के पास तीन दिन पहले हुए हमले में गंभीर रूप से घायल अमित शर्मा (37) की गुरुवार रात करीब 9 बजे गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। अमित की मौत के बाद पुलिस हत्या के प्रयास के मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम करेगी। मामले में दो नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी अमित शर्मा सोमवार शाम कार से बैतालपुर पहुंचे थे। वहां से उन्होंने अपने दोस्त रामशरण सिंह (42), निवासी रामनगर वार्ड नंबर 10 बैतालपुर, को साथ लिया और दोनों देवरिया-गोरखपुर रोड स्थित शर्मा ढाबा के पास खाना खाने गए थे। कार से उतरते ही हमला करने का आरोप रामशरण सिंह की तहरीर के मुताबिक, दोनों शाम करीब सात बजे कार संख्या UP52CM8670 से जा रहे थे। ढाबे से कुछ दूरी आगे अमित कार से लघुशंका के लिए उतरे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आए अशोक यादव निवासी बेलडरिया, विपुल पुत्र राजेंद्र निवासी बेलडरिया और छह-सात अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। हमले में अमित और रामशरण गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने बीच-बचाव कर बचाया शोर सुनकर पीछे से आ रहे वीरेंद्र यादव, हरेंद्र यादव और अन्य राहगीर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। सूचना पर डायल-112 पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। गोरखपुर में तीन दिन चला इलाज अमित की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां तीन दिन तक उसका इलाज चला। गुरुवार शाम करीब 9 बजे उपचार के दौरान अमित की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दो नामजद समेत नौ के खिलाफ दर्ज है केस रामशरण सिंह की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने अशोक यादव, विपुल समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। तहरीर में पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताया गया है। मौत के बाद हत्या की धारा बढ़ाएगी पुलिस पुलिस के अनुसार, अमित की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। पुलिस हमले के कारणों, आरोपियों की भूमिका और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User