जैसै पति को मारा, वैसे ही हत्यारों को मारा जाए:पत्नी बोली- अब बेटे को कैसे पालेंगे, प्रयागराज में सैलून के अंदर हुई थी हत्या

Nov 29, 2026 - 07:12
0
जैसै पति को मारा, वैसे ही हत्यारों को मारा जाए:पत्नी बोली- अब बेटे को कैसे पालेंगे, प्रयागराज में सैलून के अंदर हुई थी हत्या
हमारे घर में अब कोई कमाने वाला नहीं बचा। बच्चे को कैसे पालेंगे? मेरे पति को जिस तरह गोलियों से मारा गया, सरकार हत्यारों का भी वैसा ही हश्र करें। कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं। शिकायत भी की थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। आखिर अरविंद की किसी से ऐसी क्या दुश्मनी थी कि उसे सैलून के अंदर घुसकर गोलियों से भून दिया गया? ये दर्द है प्रयागराज के अल्लापुर में सैलून के अंदर मारे गए अरविंद पासी की पत्नी आरती का। पति की हत्या के करीब 60 घंटे बाद भी परिवार में मातम पसरा है। घर के बाहर बैठी महिलाओं की आंखें नम हैं। आरती नौ साल के बेटे अर्नव को सीने से लगाकर बार-बार रो पड़ती हैं। परिवार का आरोप है कि अरविंद की हत्या की वजह एक साल पहले हुए दोस्त साजन मेहतर का हत्याकांड है। अरविंद इस मामले में गवाही देने और साजन के परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए मुकदमे की पैरवी कर रहा था। परिवार का दावा है कि उसे लगातार गवाही से पीछे हटने की धमकी दी जा रही थी। दैनिक भास्कर की टीम ने अल्लापुर में घटनास्थल से लेकर अरविंद के घर तक पहुंचकर परिवार से बात की। सैलून पर ताला लगा मिला। आसपास के दुकानदार घटना पर खुलकर बोलने से बचते रहे। परिवार से बातचीत में साजन हत्याकांड से लेकर अरविंद की हत्या तक की पूरी कहानी सामने आई। पढ़िए ग्राउंड रिपोर्ट... सैलून पर ताला, आसपास के दुकानदारों ने साधी चुप्पी अल्लापुर का पूरादलेल मोहल्ला जार्जटाउन थाना क्षेत्र में आता है। अल्लापुर पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर यूको बैंक है। बैंक से लगभग 50 मीटर आगे वही सैलून है, जहां 26 नवंबर की शाम अरविंद पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। टीम घटनास्थल पर पहुंची तो सैलून का शटर बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था। आसपास की दुकानें खुली थीं, लेकिन हत्याकांड के बारे में पूछने पर दुकानदारों ने चुप्पी साध ली। कोई भी कैमरे पर बोलने को तैयार नहीं हुआ। कुछ लोगों ने बताया कि वारदात के दिन से ही सैलून बंद है। इसके बाद टीम सैलून से आगे बढ़कर बाईं ओर की गली में पहुंची। इसी गली में अरविंद अपने परिवार के साथ रहता था। घर से करीब 50 मीटर पहले कुछ कुर्सियां लगी थीं। उन पर कई लोग बैठे थे। दो पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। भाई बोला- दोस्त को इंसाफ दिलाने की कीमत जान देकर चुकाई अरविंद के बड़े भाई राजू ने कहा कि उनके भाई की किसी से निजी दुश्मनी नहीं थी। वह अपने दोस्त साजन को इंसाफ दिलाने के लिए मुकदमे की पैरवी कर रहा था। राजू के मुताबिक, इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया। राजू ने बताया कि साजन मेहतर की 26 सितंबर 2025 को हत्या कर दी गई थी। परिवार का आरोप है कि साजन के घर में मुकदमे की पैरवी करने वाला कोई नहीं था। ऐसे में अरविंद ने दोस्ती निभाते हुए गवाही देने और केस की पैरवी की जिम्मेदारी उठाई। राजू का आरोप है कि साजन हत्याकांड में नामजद आरोपियों ने अरविंद पर गवाही से पीछे हटने का दबाव बनाया। उसे धमकियां दी जाती थीं कि मुकदमे में गवाही देना बंद कर दो, वरना साजन जैसा अंजाम होगा। पत्नी बोली- शाम को बारात में जाना था, पति सैलून चले गए राजू से बातचीत के दौरान अरविंद की पत्नी आरती भी घर के बाहर आ गईं। शुरुआत में वह खुद को संभालकर बात करती रहीं, लेकिन नौ साल के बेटे अर्नव को सामने देखते ही फूट-फूटकर रोने लगीं। आरती ने बताया कि 26 नवंबर की शाम उन्हें बारात में जाना था। उनके पति सैलून गए थे, लेकिन वहां से जिंदा नहीं लौटे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अरविंद की ऐसी क्या दुश्मनी थी कि उसे सैलून के अंदर घुसकर गोली मार दी गई? आरती का कहना है कि परिवार को कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब परिवार में कमाने वाला कोई नहीं बचा है। नौ साल के बेटे की परवरिश की चिंता उन्हें सता रही है। साजन की हत्या वाली जगह से करीब 50 मीटर दूर हुई अरविंद की हत्या परिवार ने दोनों हत्याओं के घटनास्थल की नजदीकी को भी अहम बताया है। राजू के मुताबिक, 26 सितंबर 2025 की रात साजन की हत्या अरविंद के घर के पास ईंट-पत्थरों से हमला कर की गई थी। अब उसी इलाके में स्थित सैलून के अंदर अरविंद की हत्या कर दी गई। परिवार का दावा है कि दोनों घटनास्थलों के बीच करीब 50 मीटर की दूरी है। साजन की हत्या के लगभग एक साल बाद उसके मामले की पैरवी कर रहे अरविंद की हत्या होने से परिवार दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर देख रहा है। बच्चा पासी का नाम लेकर धमकाने का आरोप राजू ने साजन हत्याकांड में नामजद गुड्डू पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि गुड्डू सुलेमसराय के पूर्व पार्षद बच्चा पासी का भांजा है और कई बार बच्चा पासी का नाम लेकर अरविंद को धमकाता था। राजू ने प्रिंस, गोलू, मनीष और ईशू को भी गुड्डू का साथी बताया। उनका दावा है कि प्रिंस भी साजन हत्याकांड में नामजद है। परिवार का आरोप है कि ये लोग बच्चा पासी का नाम लेकर इलाके में दबदबा बनाते थे और अरविंद पर गवाही से पीछे हटने का दबाव डालते थे। हालांकि, इन आरोपों और हत्या में नामजद किए गए लोगों की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच में ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। 60 घंटे बाद भी गिरफ्त से बाहर आरोपी अरविंद की हत्या के मामले में परिवार की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शूटरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। परिवार का सवाल है कि जब कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं और शिकायत भी की गई थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पुलिस अब इन शिकायतों की भी जांच कर रही है। डीसीपी बोले- कुछ क्लू मिले, टीमें कर रहीं काम डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश में तीन टीमें लगातार काम कर रही हैं। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। सीसीटीवी फुटेज के जरिए शूटरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। कुछ क्लू मिले हैं, जिन पर अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। धमकी मिलने की शिकायतों के सवाल पर डीसीपी ने कहा कि इसकी जांच कराई जा रही है कि मृतक की ओर से कब और किससे शिकायत की गई थी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User