दहेज के लिए विवाहिता से चार लाख रुपये मांगे:पति, सास और ननद पर मुकदमा; पहले भी थाने में हुई थी शिकायत
सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डाला निवासी पीड़िता रूमी ने ओबरा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व ओबरा कॉलोनी के सेक्टर चार प्रथम स्थित मकान संख्या 35 एवं 36 निवासी मेराज आलम पुत्र जहरुद्दीन के साथ हुई थी। शादी के समय उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार जरूरी सामान और उपहार दिए थे। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से ही पति मेराज आलम, सास खालिदा खातून और ननद शहनाज उस पर मायके से चार लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर तीनों उसे प्रताड़ित करने लगे और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। इसको लेकर वह पहले भी ओबरा थाने में शिकायत कर चुकी है। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
पीड़िता के मुताबिक, बीते 15 नवंबर को पति, सास और ननद ने एक बार फिर उसके साथ मारपीट की और मायके से चार लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ओबरा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ओबरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)