बेतवा पुल पर ट्रैक्टर-ओमनी की भिड़ंत, 5 किमी लंबा जाम:हमीरपुर में 2 ड्राइवर घायल, पुल पर फंसी रहीं दो एंबुलेंस

Nov 05, 2026 - 20:42
0
बेतवा पुल पर ट्रैक्टर-ओमनी की भिड़ंत, 5 किमी लंबा जाम:हमीरपुर में 2 ड्राइवर घायल, पुल पर फंसी रहीं दो एंबुलेंस
हमीरपुर में बेतवा पुल पर गुरुवार शाम करीब 7 बजे ओवरटेक करने के दौरान ट्रैक्टर और ओमनी वैन की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद पुल पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन फंस गए। इस दौरान मरीजों को लेकर जा रही दो एंबुलेंस भी करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रहीं। बाद में एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम ने दोनों एंबुलेंस को जाम से बाहर निकलवाया। ट्रांसफार्मर लेकर जा रहा था ट्रैक्टर ट्रैक्टर सिरौली बुजुर्ग गांव के लिए ट्रांसफार्मर लेकर जा रहा था। चालक देव सिंह यादव ने बताया कि वह पुल पर अपनी साइड से जा रहा था। इसी दौरान ओमनी चालक ने ओवरटेक करते हुए ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया और वह नदी में गिरने से बचा। टक्कर से ओमनी का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों चालकों को मामूली चोटें आईं। बताया जा रहा है कि ओमनी चालक नशे में था। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर वह भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। जाम में फंसीं मरीजों को लेकर जा रहीं एंबुलेंस हादसे के बाद लगे जाम का सबसे ज्यादा असर मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस पर पड़ा। छानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से 28 वर्षीय मीनाक्षी पत्नी करण को पेट दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उनकी एंबुलेंस जाम में फंस गई, जिससे उन्हें करीब आधे घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से 25 वर्षीय मुस्कान पत्नी निसार को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। पांच माह की गर्भवती मुस्कान को रक्तस्राव की समस्या थी। उनकी एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। बाद में एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम ने किसी तरह दोनों एंबुलेंस को जाम से बाहर निकलवाया। 5 किमी तक लगी वाहनों की कतार बेतवा पुल पर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों को भारी परेशानी हुई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम यातायात बहाल कराने में जुटी रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User