धरने पर किसानों ने बहनों के साथ भाईदूज मनाया:मेरठ में 10 दिन से अपनी मांग पर अड़े है किसान, कल होगी बड़ी पंचायत

Nov 11, 2026 - 14:34
0
धरने पर किसानों ने बहनों के साथ भाईदूज मनाया:मेरठ में 10 दिन से अपनी मांग पर अड़े है किसान, कल होगी बड़ी पंचायत
मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) कार्यालय परिसर में रुके हुए प्रतिकर और प्लॉट की मांग को लेकर किसानों का धरना 10वें दिन भी जारी रहा। मांग पूरी नहीं होने से नाराज किसानों ने धनतेरस, दिवाली और गोवर्धन पूजा भी धरनास्थल पर ही मनाई। बुधवार को भाईदूज के अवसर पर किसानों की बहनें भी धरनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने अपने भाइयों को तिलक लगाकर भाईदूज का त्योहार मनाया। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे धरनास्थल से नहीं हटेंगे। लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी तीनों योजनाओं के किसान लंबे समय से रुके हुए प्रतिकर और प्लॉट आवंटन की मांग कर रहे हैं। त्योहारों के दौरान भी किसानों ने अपना आंदोलन जारी रखा है। धरने पर मौजूद पार्षद प्रशांत कसाना ने कहा कि पुलिस-प्रशासन किसानों पर दबाव बनाकर उन्हें धरनास्थल से उठाना चाहता है। प्रशासन को किसानों पर दबाव बनाने के बजाय MDA से यह पूछना चाहिए कि उनकी मांगें अब तक पूरी क्यों नहीं की गईं। किसानों की समस्याओं का समाधान कराने की दिशा में प्रयास होना चाहिए। वहीं, किसान नेता गौरव गुर्जर ने कहा कि दो दिन बाद मुख्यमंत्री का मेरठ दौरा प्रस्तावित है। यदि तब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री के सामने भी अपना पक्ष रखेंगे। किसानों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। किसानों ने गुरुवार को धरनास्थल पर पंचायत करने का निर्णय लिया है। इसमें लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी तीनों योजनाओं के किसान शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न किसान संगठनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के भी पंचायत में पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि पंचायत में आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User