चित्रगुप्त मंदिर में कलम-दवात का सामूहिक पूजन हुआ:बलरामपुर में 48 घंटे तक नहीं होगा लिखने का काम, रामायण पाठ के बाद हवन-आरती होगी

Nov 11, 2026 - 14:34
0
चित्रगुप्त मंदिर में कलम-दवात का सामूहिक पूजन हुआ:बलरामपुर में 48 घंटे तक नहीं होगा लिखने का काम, रामायण पाठ के बाद हवन-आरती होगी
बलरामपुर में यम द्वितीया के अवसर पर बुधवार दोपहर 12 बजे नगर के पूरब टोला स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का संगम देखने को मिला। कायस्थ समाज के लोगों ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही कलम-दवात का सामूहिक पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे चित्रांश और चित्रांशियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पूजन चित्रगुप्त सभा के अध्यक्ष डॉ. परितोष सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री चित्रगुप्त का पूजन कराया। इसके बाद समाज के लोगों ने अपनी लेखनी के प्रतीक कलम-दवात की पूजा की। कायस्थ समाज की मान्यता के अनुसार, पूजन के बाद 48 घंटे तक कलम को विराम दिया जाता है। इसके बाद समाज के लोग दोबारा लेखन शुरू करते हैं। यह परंपरा ज्ञान, कर्म और लेखन के प्रति समाज की आस्था को दर्शाती है। अखंड रामायण पाठ के बाद हुआ हवन और आरती सभा के मंत्री राधिका प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि परंपरा के अनुसार मंदिर में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। यम द्वितीया पर हवन, पूजन और आरती के बाद सभी चित्रांश और चित्रांशियों ने सामूहिक रूप से कलम-दवात की पूजा की। उन्होंने कहा कि यह कायस्थ समाज का सबसे बड़ा पर्व है, जिसे समाज के लोग पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं। भगवान चित्रगुप्त से जुड़ी पौराणिक मान्यता बताई राधिका प्रसाद श्रीवास्तव ने पर्व की पौराणिक मान्यता का उल्लेख करते हुए बताया कि ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के अवसर पर भगवान श्री चित्रगुप्त को आमंत्रण नहीं मिला था। इससे नाराज होकर उन्होंने अपनी कलम-दवात बंद कर दी थी और पाप-पुण्य का लेखा-जोखा लिखना रोक दिया था। इससे सृष्टि का संतुलन बिगड़ने लगा और चारों ओर हाहाकार मच गया। जब भगवान श्रीराम को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान श्री चित्रगुप्त को मनाया। साथ ही यम की बहन यमुना से जुड़ी परंपरा के साथ यम द्वितीया का पर्व प्रचलित हुआ। तभी से कायस्थ समाज में कलम-दवात पूजन की परंपरा चली आ रही है। वार्षिक बैठक में आय-व्यय का ब्योरा पेश किया कार्यक्रम के दौरान चित्रगुप्त सभा की वार्षिक बैठक भी आयोजित हुई। इसमें कोषाध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद श्रीवास्तव ने आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप श्रीवास्तव ने किया, जबकि सदर विधायक पलटू राम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर समाज के विभिन्न लोगों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। पूजन, सम्मान और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सामूहिक सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ सहभागिता की। करीब दोपहर 1:15 बजे तक चले कार्यक्रम में आदित्य प्रसाद श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव, भानू प्रताप श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, आदर्श श्रीवास्तव, पराग बोस, मनोज श्रीवास्तव, राजीव श्रीवास्तव, विनय श्रीवास्तव, बलराम कुंवर श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, राजन श्रीवास्तव, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव और मधुसूदन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में चित्रांश और चित्रांशियां उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User