फर्जी ID, नीली बत्ती की कार लगाकर बना आयकर अधिकारी:बस से सोना लूटा, 4 साल बाद आगरा से पकड़ा गया आरोपी
गुजरात में आयकर अधिकारी बनकर बस से सोना लूटने के मामले में फरार आरोपी को एसटीएफ आगरा और गुजरात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुंदर सिंह सोलंकी को शुक्रवार को सदर बाजार क्षेत्र के सेवला जाट स्थित इंडसइंड बैंक के पास से गिरफ्तार किया गया। वह वर्ष 2021 में अहमदाबाद के बगोदरा क्षेत्र में हुई लूट की वारदात में वांछित था। एसटीएफ के मुताबिक, गुजरात के अहमदाबाद ग्रामीण जिले के थाना बगोदरा में दर्ज मुकदमे में सुंदर सिंह का नाम सामने आने के बाद गुजरात पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ उत्तर प्रदेश से सहयोग मांगा था। अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के नेतृत्व में एसटीएफ आगरा की टीम आरोपित की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को सूचना मिली कि आरोपित सेवला जाट स्थित सरस्वती बिहार में इंडसइंड बैंक के पास मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित किरावली क्षेत्र के गांव सहारा का रहने वाला है। फर्जी आयकर अधिकारी बनकर बस रुकवाई, यात्रियों को बंधक बनाया
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि फरवरी 2021 में उसने अपने साथियों के साथ अहमदाबाद में सोना लूटने की योजना बनाई थी। वारदात से पहले रेकी की गई और किराये की कार की नंबर प्लेट बदलकर उस पर नीली बत्ती लगा दी गई। साथ ही आयकर विभाग के फर्जी पहचान पत्र तैयार कराए गए। इसके बाद भावला और बगोदरा के बीच बगोदरा थाना क्षेत्र में सोना और पार्सल लेकर जा रहे दो लोगों की बस को आयकर अधिकारी बनकर रुकवाया। गिरोह के दो सदस्य पहले से बस में सवार थे। यात्रियों को बस से उतारकर एकांत स्थान पर ले गए और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद सोना लेकर दूसरे साथी की गाड़ी से फरार हो गए। नीली बत्ती लगी कार और फर्जी आईडी से दिया था वारदात को अंजाम
पूरी वारदात नीली बत्ती लगी कार और फर्जी आयकर विभाग के आईडी कार्ड के दम पर की गई थी। गिरोह ने इस तरह से वारदात को अंजाम दिया कि किसी को शक तक नहीं हुआ। पहले भी दर्ज है मुकदमा
गिरफ्तार सुंदर सिंह के खिलाफ फिरोजाबाद के थाना पचोखरा में वर्ष 2018 में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा भी दर्ज है। गुजरात पुलिस उसे आगरा के थाना सदर बाजार में दाखिल कराने के बाद चिकित्सीय परीक्षण कराकर ट्रांजिट रिमांड के लिए न्यायालय ले गई। आगे की कार्रवाई गुजरात पुलिस कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)