संभल में टेंपो से टकराई बुलेट, दो दोस्तों की मौत:तीसरा गंभीर, हायर सेंटर रेफर; बहन की इसी महीने होनी है शादी
संभल में दीपावली के दिन श्रीकल्कि धाम के पास हुए सड़क हादसे में बुलेट सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा दोस्त और टेंपो चालक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। निर्माणाधीन चर्च के सामने हुई टक्कर हादसा शनिवार शाम करीब 6 बजे ऐंचौड़ा कंबोह थाना क्षेत्र में गांव ऐंचौड़ा कंबोह और भटपुरा के बीच निर्माणाधीन चर्च के सामने हुआ। बुलेट और टेंपो की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असमोली ले जाया गया। रात करीब 8 बजे डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अजीत कश्यप (22) पुत्र सीताराम निवासी गांव रझा और शीशपाल सैनी (23) पुत्र रामकिशन सैनी निवासी गांव ऐंचौड़ा कंबोह के रूप में हुई। वहीं, अजीत के मौसेरे भाई प्रेखर कश्यप (22) पुत्र लाखन सिंह निवासी गांव रझा और टेंपो चालक घायल हो गए। बहन की शादी के लिए निकाली थी बुलेट परिजनों के मुताबिक, अजीत की छोटी बहन सोनम की इसी महीने शादी होनी है। शादी में देने के लिए बुलेट निकाली गई थी। अजीत उसी बुलेट से अपने मौसेरे भाई प्रेखर और दोस्त शीशपाल के साथ मनौटा पुल की साप्ताहिक बाजार में दीपावली की खरीदारी करने जा रहा था। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों दोस्त अविवाहित थे। टेंपो चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच थाना प्रभारी कमलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। तीसरा युवक घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। टेंपो चालक फरार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)