दीवाली पर सीएचसी-पीएचसी से लेकर मेडिकल कॉलेज सब अलर्ट:मेरठ में बर्न वार्ड के साथ, प्राइवेट अस्पतालों में भी आरक्षित रहेंगे बेड
मेरठ में दिवाली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और आग से झुलसने की घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), अर्बन हेल्थ पोस्ट, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगा दी गई है। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के साथ ही बर्न वार्ड में भी बेड आरक्षित किए गए हैं। सीएमओ डॉ. रामप्रसाद ने बताया कि दिवाली को लेकर स्वास्थ्य विभाग की सभी तैयारियां पूरी हैं। सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। इमरजेंसी में डॉक्टरों की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इसके लिए अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ बैठक करने के अलावा पत्राचार और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी निर्देश दिए गए हैं। सभी अस्पतालों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। सीएचसी में 30 और पीएचसी में चार बेड सीएमओ ने बताया कि जिले की पीएचसी में चार-चार बेड और सीएचसी में 30-30 बेड की व्यवस्था है। जिला अस्पताल में 300 से अधिक बेड उपलब्ध हैं, जबकि मेडिकल कॉलेज में करीब एक हजार बेड हैं। इसके अलावा किठौर के 50 बेड वाले अस्पताल और फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) में भी व्यवस्था की गई है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की सर्जिकल यूनिट में बर्न वार्ड की सुविधा है। जरूरत पड़ने पर झुलसे हुए मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। आईएमए के अस्पतालों को भी भेजेंगे निर्देश सीएमओ ने बताया कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से भी बातचीत की गई है। निजी अस्पतालों को अलर्ट रखने के लिए आईएमए को पत्र भेजा जाएगा। इसके माध्यम से सदस्य अस्पतालों को भी दिवाली के दौरान इमरजेंसी सेवाएं और जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)