दो घरों में चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार:हरदोई के सुरसा में पुलिस ने दबोचा, सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद
हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में दो घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के आरोपी को पुलिस ने बुधवार 11 नवंबर को शाम 4 बजे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान उमाशंकर उर्फ दूबरी (32) पुत्र रामविलास निवासी ग्राम ढोलिया, थाना सुरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और 2250 रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ दोनों घटनाओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी की पहली घटना खुर्दी मढिया मजरा फरीदापुर निवासी सत्यपाल पुत्र राजाराम के घर हुई थी। उन्होंने 17 अक्टूबर 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उनके मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नकदी चोरी कर ले गया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। दूसरी घटना में 10 नवंबर 2026 को ढोलिया गांव निवासी महेश गुप्ता पुत्र श्रीपाल ने शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उमाशंकर उर्फ दूबरी ने उनके घर का जंगला तोड़कर अंदर रखे बक्से का ताला तोड़ा और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 30 हजार रुपए चोरी कर लिए। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सुरसा विश्वास शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से सफेद धातु की एक कमरकसनी, नौ जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल, पीली धातु का एक हार, एक मांगटीका और 2250 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)