आगरा में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना:पांच ताले तोड़कर सोने-चांदी के गहने, नकदी और दो लैपटॉप चुराए
आगरा में दीपावली का त्योहार मनाने घर से बाहर गए एक परिवार के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। दयालबाग के जयराम बाग स्थित मकान में चोरों ने पांच ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और दो लैपटॉप चोरी कर लिए। घटना का पता परिवार के 11 नवंबर को घर लौटने पर चला। जानकारी के अनुसार 45-ए जयराम बाग, दयालबाग निवासी जगबीर मौर्य अपनी पत्नी ज्योति मौर्य और परिवार के साथ 7 नवंबर की शाम दीपावली का त्योहार मनाने अपने पैतृक निवास फरीदाबाद, हरियाणा गए थे। परिवार 11 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट और अंदर के कुल पांच ताले टूटे मिले। घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और चोरों ने अलमारियों एवं दराजों को पूरी तरह खंगाल रखा था। परिवार के अनुसार चोर घर से 10 तोले से अधिक वजन की एक सोने की चेन, करीब 5 ग्राम की एक अन्य सोने की चेन, सोने के दो कान के टॉप्स, एक मंगलसूत्र, 5 घड़ी, चांदी की दो जोड़ी पायल और करीब 10 से 12 जोड़ी चांदी की बिछिया चोरी कर ले गए। इसके अलावा एचपी और डेल कंपनी के दो लैपटॉप तथा करीब 50 से 70 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई है। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने थाना न्यू आगरा में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई है। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर चोरों की पहचान की जाए तथा चोरी गए आभूषण, नकदी और लैपटॉप जल्द बरामद किए जाएं। परिवार ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और घरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)