ईमेल हैक कर शराब कारोबारी से एक करोड़ की ठगी:साइबर सेल ने होल्ड कराई रकम, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
साइबर अपराधियों ने ई-मेल हैक कर शराब कारोबारी से एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर ली। गनीमत रही कि साइबर सेल को वक्त रहते सूचना मिल गई और पूरा पैसा निकलने से पहले ही खाते में होल्ड करा लिया। शराब कंपनी के प्रतिनिधि ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। 8 अक्टूबर को कंपनी को भेजा था ईमेल राजस्थान लिकर्स लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि आशीष लालवानी ने बताया कि कंपनी का पंजीकृत कार्यालय तिलक नगर में है। कंपनी के यूपी के साथ ही पंजाब, राजस्थान में भी प्लांट हैं। कंपनी के कला कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजीस प्राइवेट लिमिटेड के साथ पिछले कई वर्षों से व्यापारिक संबंध हैं। माल की आपूर्ति व भुगतान आदि की पुष्टि कंपनी की ईमेल आईडी klaadpl@klaworld.com के माध्यम से राजस्थान लिकर्स लिमिटेड को प्राप्त होती है। आशीष ने बताया कि पुष्टि के बाद उनके द्वारा दिये गये खाते में पैसा भेज दिया जाता है। हाल ही में कंपनी ने कला कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड से कुछ माल मंगाया था, जिसके एवज में बिल का भुगतान करना था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कला कंस्ट्रक्शन की ई-मेल आईडी हैक कर ली। छल एवं धोखाधड़ी करके उक्त ईमेल आईडी से एक फर्जी ई-मेल आठ अक्टूबर 2026 को उनकी कंपनी को भेजकर भुगतान के लिए कहा गया। इस ई-मेल आईडी में भेजा गया खाता कैनरा बैंक नई दिल्ली का था। आशीष ने बताया कि खाता बदलाव को लेकर कंपनी की ओर से कला कंस्ट्रक्शन के निदेशक अनुराग बिंदल से पूछा गया तो उन्होंने व्हाट्सएप पर पुष्टि कर दी। हालांकि बदला गया खाता किस बैंक में है यह पुष्टि नहीं हो सकी। जिसके बाद रुपयों का भुगतान कर दिया गया। 3.50 करोड़ के चार ट्रांजेक्शन हुए थे साइबर थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि कंपनी की ओर से तीन नवंबर को 3.50 करोड़ रुपये के चार ट्रांजेक्शन किए गए जिसमें एक करोड़ रुपये साइबर ठगों के कैनरा बैंक वाले खाते में पहुंच गया। कला कंस्ट्रक्शन को भुगतान नहीं मिला तो राजस्थान लिकर्स लिमिटेड के अधिकारियों को जानकारी दी। जिसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि कैनरा बैंक के खाते में भेजे गए रुपयों को होल्ड करा दिया गया है। रुपये वापसी की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। पंजाब वाले प्लांट में कंस्ट्रक्शन के लिए हुआ था भुगतान कंपनी के प्रतिनिधि आशीष लालवानी ने बताया कि राजस्थान लिकर्स लिमिटेड कंपनी के यूपी के साथ ही राजस्थान और पंजाब में भी प्लांट हैं। पंजाब वाले प्लांट में कंस्ट्रक्शन कार्य के लिए दिल्ली की कंपनी को भुगतान करना था। इसी दौरान ई-मेल हैक कर साइबर ठगो ने रुपये ट्रांसफर करा लिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)