गोबर से दीपक-मोमबत्ती बनाना सीखेंगी महिलाएं:औरैया में घर बैठे रोजगार के मिलेंगे अवसर, दिया प्रशिक्षण
औरैया के भाग्यनगर ब्लॉक के झावर का पुरवा गांव में कृषि विज्ञान केंद्र ने ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें महिलाओं को गाय के गोबर से दीपक और मोमबत्तियां बनाना सिखाया गया। घर से रोजगार शुरू कर आय बढ़ाने के तरीके भी बताए गए। कार्यक्रम में डॉ. रश्मि यादव ने गोबर से दीपक बनाने की तकनीक का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि आसानी से मिलने वाले गोबर से उपयोगी और आकर्षक उत्पाद बनाए जा सकते हैं। महिलाओं को मोमबत्ती बनाने की प्रक्रिया, जरूरी कच्चे माल, बनाने के तरीके और उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने की जानकारी भी दी गई। डॉ. यादव ने उत्पादों की बिक्री और उन्हें बाजार तक पहुंचाने के तरीकों पर बात की। उन्होंने कहा कि गोबर से बने दीपक और मोमबत्तियां पर्यावरण के अनुकूल प्राकृतिक उत्पाद हैं। इनके निर्माण से स्थानीय संसाधनों का इस्तेमाल होगा और गांवों में छोटे कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण में सीखे हुनर से घर पर छोटा कारोबार शुरू करने को कहा। इससे उन्हें अतिरिक्त आय मिल सकती है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। कृषि विज्ञान केंद्र की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं का कौशल बढ़ाना, उन्हें रोजगार के नए मौके देना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)