गोंडा सड़क हादसे में ड्राइवर की मौत, कंडक्टर घायल:खड़े ट्रक में पीछे से घुसी डीसीएम, केबिन में फंसा शव, एक घंटे बाद निकाला

Sep 26, 2026 - 14:18
0
गोंडा सड़क हादसे में ड्राइवर की मौत, कंडक्टर घायल:खड़े ट्रक में पीछे से घुसी डीसीएम, केबिन में फंसा शव, एक घंटे बाद निकाला
गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर गोंडा-अयोध्या हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। वीरपुर बिसेन के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से डीसीएम जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक का शव डीसीएम के केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, बारिश के कारण ट्रक हाईवे के किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम उससे टकरा गई। टक्कर के बाद डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। दुर्घटना में डीसीएम चालक अर्जुन पाल और कंडक्टर अमलेश यादव गंभीर रूप से घायल हुए थे। केबिन में फंसा चालक का शव, एक घंटे बाद निकाला टक्कर के बाद 35 वर्षीय अर्जुन पाल का शव डीसीएम के अंदर ही फंस गया। क्षतिग्रस्त केबिन के कारण उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। देहात कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी चालक के शव को बाहर निकाल सके। मृतक अर्जुन पाल वाराणसी के चोलापुर का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। कंडक्टर मेडिकल कॉलेज में भर्ती, हालत सामान्य हादसे में डीसीएम का कंडक्टर 34 वर्षीय अमलेश यादव भी घायल हुआ है। वह गाजीपुर के सैदपुर का रहने वाला है। गंभीर चोट लगने के बाद उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल अमलेश की हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। गोंडा एसपी अभिषेक झा ने वाहन चालकों से बारिश और खराब मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में डायल 112 या स्थानीय पुलिस को तत्काल सूचना दें। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक मदद करेगी। साथ ही वाहन चालकों से तेज रफ्तार से बचने और सड़क पर खड़े वाहनों के पास से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User