हनुमान अंश एक्टर बोले- बालीवुड फिल्मों मे काम करेंगे:कानपुर में 80 साल की बुजुर्ग महिला ने मंच पर नृत्य किया, बच्ची फफक कर रोई
कानपुर में हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेले के तीसरे दिन भक्ति और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। हनुमान अंश फिल्म के कलाकार शोभिनव सत्य, पूर्णिमा तिवारी और नेहा परजपे कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान 10 हजार लोगों ने एक साथ हनुमान अंश फिल्म के कलाकारों के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। भजन संगीत के लिए गायिका अनन्या सिंह भी पहुंचीं। हनुमान जी के आदेश से ही करूंगा आगे की फिल्मों में काम
शोभिनव सत्य ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि अभी फिल्मी सफर की शुरुआत हुई है। हनुमान जी की कृपा रही तो आगे भी फिल्मों में भी काम करने का मौका मिलेगा। हनुमान जी के आदेश से ही सब कुछ करेंगे। बॉलीवुड फिल्मों में भी काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कानपुर इससे पहले भी आ चुका हूं। तब भी यहां के लोगों ने बहुत प्यार दिया था। दूसरी बार कानपुर आया हूं। यहां के लोग बहुत अच्छे लगे। कानपुर वालों को सीता-राम। देखिए 3 तस्वीरें… 80 साल की बुजुर्ग महिला को देखकर मंच से नीचे उतर आए शोभिनव
हनुमान अंश फिल्म में बाबा नीब करौली का किरदार निभाने के बाद शोभिनव सत्य के प्रशंसकों में उनके प्रति गहरी आस्था देखने को मिल रही है। कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा ही भावुक पल देखने को मिला। मंच पर कार्यक्रम चल रहा था, तभी शोभिनव सत्य मंच से नीचे उतर आए और लोगों के बीच पहुंच गए। वहां उनकी नजर करीब 80 साल की बुजुर्ग महिला ऊषा शर्मा पर पड़ी। शोभिनव उनके पास पहुंचे तो ऊषा शर्मा ने उन्हें दुलारते हुए गले लगा लिया। करीब 5 मिनट तक शोभिनव वहीं रुककर उनसे बातचीत करते रहे। बाद में मंच से शोभिनव ने बताया कि वह दूसरी बार कानपुर आए हैं। पिछली बार भी उन्होंने बुजुर्ग माता जी को कार्यक्रम में देखा था। उस समय भी वह भक्ति भाव में डूबी हुई थीं। इसलिए इस बार उन्हें देखकर अपने आप को उनके पास जाने से रोक नहीं सका।
इसके बाद ऊषा शर्मा को मंच पर बुलाया गया। 80 साल की उम्र में उन्होंने हनुमान अंश के भजन पर सभी के साथ जमकर नृत्य किया। 15 साल की दिव्यांशी को रोता देख एक्ट्रस नेहा ने मंच पर बुलाया
कार्यक्रम में एक और भावुक पल तब देखने को मिला, जब सीता-राम और हनुमान भजनों के बीच 15 साल की दिव्यांशी त्रिवेदी की आंखों से आंसू निकलने लगे। इसी दौरान अभिनेत्री नेहा परजपे की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने दिव्यांशी को मंच पर बुला लिया।
मंच पर पहुंचते ही दिव्यांशी शोभिनव सत्य को देखकर फफककर रोने लगी। वह मंच पर दंडवत लेट गई। इसके बाद शोभिनव ने उसे उठाया और प्यार से संभाला। दिव्यांशी ने बताया कि वह अपने साथ हनुमान चालीसा की किताब लेकर चलती है। कहीं भी जाती है तो वहां लोगों को हनुमान चालीसा की किताब वितरित करती है। उसने शोभिनव सत्य को भी हनुमान चालीसा की किताब भेंट की। इस पर शोभिनव ने कहा कि इतनी छोटी उम्र की बच्ची की अध्यात्म के प्रति ऐसी सोच है, तो समझिए कि हमारे देश का भविष्य सही हाथों में है। 7 साल की अनाया ने 'जिद पर आ गई पार्वती' गाने पर किया डांस
कार्यक्रम में एक्टर के सामने ही 7 साल की अनाया बाजपेई ने भी अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। अनाया ने 'जिद पर आ गई पार्वती' गाने पर शानदार नृत्य किया। उसकी प्रस्तुति देखकर लोग तालियां बजाते रहे। नेहा परजपे ने गाया हनुमान अंश फिल्म का गीत
कार्यक्रम के दौरान हनुमान अंश फिल्म के कलाकारों ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। शोभिनव सत्य ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरा माहौल आध्यात्मिक रहता था। फिल्म से जुड़े सभी लोगों को एक अलग तरह की अनुभूति होती थी। वहीं अभिनेत्री नेहा परजपे ने मंच से हनुमान अंश फिल्म का गीत गाया। इसके साथ ही उन्होंने 'बाबा जी आवागमन मिटा दो भोले शंकर' गीत की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में डूबे रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)