गोरखपुर में एक साथ 101 बेटियों की बजेगी शहनाई:100 पंडित वैदिक मंत्रों से कराएंगे सामूहिक विवाह, पूरी गृहस्थी का सामान देकर होगी विदाई
गोरखपुर की नई दिशा फाउंडेशन ने आर्थिक तंगी के कारण जिन गरीब परिवारों की बेटियों की शादी नहीं हो पा रही है, उनकी मदद के लिए बड़ी पहल की है। संस्था की ओर से 29 नवंबर को 'कन्यादान महादान सामूहिक विवाह-2026' का आयोजन किया जाएगा। महात्मा गांधी पीजी कॉलेज के मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में 101 जोड़ों की शादी कराई जाएगी। खास बात यह है कि शादी के बाद बेटियों को गृहस्थी का पूरा सामान देकर विदा किया जाएगा। बुधवार को महात्मा गांधी पीजी कॉलेज के सभागार में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान संस्था की संस्थापिका और अध्यक्ष सुधा मोदी ने प्रेसवार्ता कर आयोजन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। शादी का इंतजार कर रही थीं कई बेटियां सुधा मोदी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन गरीब परिवारों की मदद करना है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों की शादी नहीं कर पा रहे हैं। कई परिवारों की जमा पूंजी बीमारी और दूसरी जरूरतों में खर्च हो चुकी है तो कुछ की जमीन तक बिक गई है। ऐसे परिवारों की बेटियां चार से पांच साल से शादी का इंतजार कर रही थीं। संस्था की टीम जब गांवों में पहुंची तो कई बेटियों ने अपनी परेशानी बताई। उनकी स्थिति देखकर संस्था ने 101 बेटियों की शादी कराने का फैसला लिया। सुधा मोदी ने कहा कि यह सिर्फ शादी कराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उन परिवारों के चेहरों पर खुशी लाने की कोशिश है, जो लंबे समय से इस चिंता में परेशान हैं। गांव-गांव जाकर जांच के बाद चुने गए 101 जोड़े सामूहिक विवाह के लिए 101 जोड़ों का चयन करने में संस्था ने विशेष सावधानी बरती है। इसके लिए टीम ने गांव-गांव जाकर जरूरतमंद परिवारों की जानकारी जुटाई। किसी गांव से जोड़े की जानकारी मिलने पर पहले परिवार से मुलाकात की गई। इसके बाद ग्राम प्रधान से संपर्क कर निर्धारित फॉर्म भरवाया गया और उस पर उनके हस्ताक्षर कराए गए। संस्था के सदस्यों ने खुद घर पहुंचकर परिवारों की आर्थिक स्थिति और जोड़ों के बारे में जानकारी ली। सुधा मोदी ने बताया कि वह खुद भी करीब 50 जोड़ों के घर जाकर जांच कर चुकी हैं। उनका कहना है कि सभी जोड़ों का चयन यह सुनिश्चित करने के बाद किया गया है कि वे वास्तव में जरूरतमंद हैं। गोरखपुर, देवरिया और नेपाल तक से आए जोड़े इस सामूहिक विवाह में केवल गोरखपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और नेपाल के जोड़े भी शामिल होंगे। हाटा, चौरीचौरा और देवरिया समेत कई क्षेत्रों से जोड़ों का चयन किया गया है। नेपाल से भी दो जोड़े इस आयोजन में विवाह करेंगे। गोरखपुर शहर के अलग-अलग मोहल्लों से करीब 10 जोड़े चुने गए हैं।
सुधा मोदी ने बताया कि कई परिवारों तक पहुंचने के लिए संस्था की टीम को 20 किलोमीटर तक का सफर करना पड़ा। कुछ गांवों में पहुंचने के लिए आधे घंटे तक पैदल भी चलना पड़ा। टीम ने हर परिवार से मिलकर उनकी परेशानी समझी और जरूरतमंद बेटियों को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया। 101 प्रबुद्ध लोग करेंगे 101 बेटियों का कन्यादान कार्यक्रम में समाज के 101 प्रबुद्ध लोग मिलकर 101 बेटियों का कन्यादान करेंगे। संस्था की अध्यक्ष ने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह सेवा और सहयोग की भावना से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन परिवारों की मदद करना है, जो अपनी बेटियों की शादी का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। उन्होंने इसे ‘बेटी अपनाओ, बेटी बसाओ’ की सोच से जुड़ी पहल बताते हुए कहा कि बेटियों की शादी की जिम्मेदारी में समाज को भी आगे आना चाहिए। इस आयोजन के जरिए महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहयोग का संदेश दिया जाएगा। पलंग, अलमारी से लेकर नौ साड़ियां और सूट भी मिलेंगे संस्था की ओर से सभी बेटियों को शादी के बाद नई गृहस्थी शुरू करने के लिए जरूरी सामान दिया जाएगा। इसमें पलंग, अलमारी, सिलाई मशीन, गद्दा, तकिया, बाथरूम सेट, बर्तन सेट, चादर और खाने के लिए अनाज शामिल हैं। इसके अलावा हर बेटी को नौ साड़ियां और सूट भी दिए जाएंगे। संस्था का प्रयास है कि बेटियों को विदाई के बाद अपनी नई जिंदगी शुरू करने में जरूरी सामान की कमी न हो। दुल्हनों के कपड़ों की व्यवस्था पहले से की जा रही है, जबकि दूल्हों को शेरवानी दी जाएगी। 100 ब्यूटी पार्लर संचालिकाएं करेंगी दुल्हनों का श्रृंगार 101 बेटियों को दुल्हन की तरह सजाने के लिए करीब 100 ब्यूटी पार्लर संचालिकाएं भी आगे आई हैं। ये सभी अपने स्तर से सहयोग करते हुए दुल्हनों का श्रृंगार करेंगी। शादी से पहले सभी बेटियों को हल्दी लगाई जाएगी और उनके हाथों में मेहंदी सजाई जाएगी। इसके बाद उन्हें शादी के लिए तैयार किया जाएगा। संस्था से जुड़ी महिलाएं भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रही हैं, ताकि हर बेटी की शादी यादगार बन सके। 100 पंडित वैदिक मंत्रों के साथ संपन्न कराएंगे विवाह सामूहिक विवाह में कामाख्या देवी महाराज जी के सानिध्य में करीब 100 पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराएंगे। बारात के पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से स्वागत और परछन होगा। इसके बाद वरमाला और पाणिग्रहण की रस्म निभाई जाएगी। सभी जोड़ों के विवाह के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बेटियों की विदाई होगी। इस दौरान पारंपरिक खोइछा भरने की रस्म भी निभाई जाएगी। आयोजकों का कहना है कि पूरा कार्यक्रम सनातन परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार होगा। तीन से चार हजार लोग होंगे शामिल आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में वर और वधू दोनों पक्षों के परिवारों को मिलाकर करीब तीन से चार हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। मेहमानों के लिए सुबह चाय-नाश्ते से लेकर दोपहर के भोजन तक की व्यवस्था की जाएगी। शाम को बेटियों की विदाई तक सभी जरूरी इंतजाम रहेंगे। संस्था की अध्यक्ष सुधा मोदी ने बताया कि इस आयोजन में समाज के कई लोग आर्थिक सहयोग और सेवा के जरिए अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। यह आयोजन किसी कमाई के लिए नहीं, बल्कि 101 बेटियों की जिंदगी में खुशियां लाने के लिए किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा कार्यक्रम नई दिशा फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘कन्यादान महादान सामूहिक विवाह-2026’ 29 नवंबर को महात्मा गांधी पीजी कॉलेज के मैदान में होगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान 101 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक परेशानी के कारण जिन बेटियों की शादी वर्षों से रुकी हुई है, उन्हें सम्मान के साथ नई जिंदगी शुरू करने का अवसर मिले। सुधा मोदी के अनुसार, इन बेटियों की विदाई केवल एक रस्म नहीं होगी, बल्कि समाज के सहयोग से उनके जीवन की नई शुरुआत होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)