गोविंद साहब मेले की तैयारियों की समीक्षा हुई:अंबेडकरनगर डीएम ईशा प्रिया ने व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए
अंबेडकरनगर में पूर्वांचल के ऐतिहासिक गोविंद साहब मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब एक महीने तक चलने वाला मेला 18-19 दिसंबर से शुरू होगा। शनिवार को निरीक्षण भवन गोविंद साहब में तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा और जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां तय कर समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। सफाई, पेयजल, शौचालय, रोशनी, पार्किंग, चिकित्सा, रैन बसेरा और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था करने को कहा। मेला क्षेत्र में पर्याप्त सफाईकर्मी तैनात करने और नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और खोया-पाया केंद्र बनाने को कहा गया। पार्किंग स्थलों पर रेट बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। पोखर की सफाई, चेंजिंग रूम, नाव और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया। लोक निर्माण विभाग और जिला पंचायत को मेला क्षेत्र के सभी रास्तों की मरम्मत समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने और पुराने तारों की मरम्मत करने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करेगा। जल निगम ग्रामीण को 24 घंटे पेयजल देने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी को रास्तों के किनारे झाड़ियां साफ कराने, फॉगिंग और अस्थायी शौचालयों की नियमित सफाई के लिए पर्याप्त कर्मचारी तैनात करने को कहा गया। साधु-संतों और श्रद्धालुओं के ठहरने, परिवहन, अलाव और चिकित्सा सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक के अंत में मेला समिति के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों से पिछले मेलों की व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)