रोडवेज बस की टक्कर से ट्रैक्टर चालक समेत तीन घायल:सीतापुर में रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर एक किमी लंबा जाम

Nov 28, 2026 - 16:02
0
रोडवेज बस की टक्कर से ट्रैक्टर चालक समेत तीन घायल:सीतापुर में रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर एक किमी लंबा जाम
सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र के चड़रा गांव में रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार दोपहर करीब 2 बजे रोडवेज बस और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बस में सवार एक महिला और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी महोली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, चड़रा गांव निवासी महेंद्र त्रिवेदी पुत्र चांद नारायण त्रिवेदी शनिवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भरकर गांव के क्रय केंद्र जा रहे थे। वह रेलवे क्रॉसिंग से थोड़ा आगे पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही रोडवेज बस (यूपी 34 एटी 0087) ने उनके ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर चालक महेंद्र को मामूली चोटें आईं जबकि बस में सवार यात्री शिवानी मिश्रा (34) और जयप्रकाश मिश्रा (63) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों उदयपुर थाना पिसावां के निवासी हैं। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली पहुंचाया। यहां इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. मोहित पाल ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के चलते रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक किलोमीटर तक जाम लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस चालक की तलाश की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। इंस्पेक्टर धीरज शुक्ला ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User