हाथरस में 417 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे:40 मुस्लिम जोड़े भी हुए शामिल, जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया
हाथरस के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को सीएम सामूहिक विवाह योजना में 417 जोड़ों का विवाह कराया गया। इनमें 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। दोपहर एक से तीन बजे तक आयोजित कार्यक्रम में नवदंपतियों और उनके परिजनों में काफी उत्साह दिखाई दिया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत और मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने किया। डीएम सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा भी मौजूद रहे। अतिथियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। नवदंपतियों पर बरसाए फूल समारोह के दौरान अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर फूल बरसाए और उन्हें आशीर्वाद दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों से कुल 417 जोड़ों का विवाह कराया गया। हर जोड़े पर एक लाख रुपए खर्च योजना के तहत प्रत्येक दुल्हन के बैंक खाते में 64 हजार रुपए दिए जाते हैं। इसके अलावा 21 हजार रुपए की सामग्री उपहार स्वरूप दी जाती है। इसमें चांदी की बिछिया और पायल, ट्रॉली बैग, कुकर, डिनर सेट, श्रृंगारदानी, कपड़े, चुनरी, पेंट-शर्ट या सफारी सूट का कपड़ा, गमछा और पगड़ी शामिल हैं। वहीं, विवाह आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपए खर्च किए जाते हैं। इस तरह प्रत्येक जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपए की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी सीडीओ और जिला विकास अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, डीएम, एसपी सहित सभी अतिथियों का आभार जताया। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्ति और स्वगणना के प्रति जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)