गोरखपुर के हर वार्ड में जलेंगे अलाव:रैन बसेरों में मिलेंगे गर्म पानी और बिस्तर; बांटे जाएंगे 16 हजार कंबल
सर्दी बढ़ने के साथ ही नगर निगम ने जरूरतमंदों और निराश्रित लोगों को ठंड से बचाने की तैयारी तेज कर दी है। शहर में जरूरतमंदों के बीच बांटने के लिए 16 हजार कंबलों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सभी वार्डों में चिह्नित स्थानों पर अलाव जलाए जाएंगे। नगर निगम प्रशासन ने स्थायी और अस्थायी रैन बसेरों में भी ठंड से बचाव के इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। शीतकालीन राहत अभियान की तैयारियों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। इसमें सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का फोकस खासतौर पर उन लोगों पर है, जिनके पास ठंड से बचने के लिए न तो पर्याप्त कपड़े हैं और न ही रहने के लिए कोई सुरक्षित जगह। रैन बसेरों में गर्म पानी और बिस्तर की व्यवस्था होगी इसी क्रम में शनिवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने अपर नगर आयुक्तों और अन्य अधिकारियों के साथ नगर निगम के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां ठहरने वाले लोगों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्थायी और अस्थायी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल और गर्म पानी की व्यवस्था रहे। रैन बसेरों में साफ-सफाई और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वहां ठहरने वाले लोगों को दैनिक उपयोग की जरूरी सुविधाएं मिलें। ठंड के दौरान किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। सभी वार्डों में चिह्नित स्थानों पर जलेंगे अलाव ठंड से राहत देने के लिए नगर निगम शहर के सभी वार्डों में अलाव जलाने की व्यवस्था करेगा। इसके लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। खासकर सार्वजनिक स्थानों और ऐसे इलाकों में अलाव की व्यवस्था की जाएगी, जहां रात में राहगीरों और जरूरतमंद लोगों की आवाजाही रहती है। संबंधित अधिकारियों को अलाव की नियमित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। रात में सड़क पर सोने वालों को रैन बसेरों तक पहुंचाएंगे कर्मचारी नगर निगम ने रात के समय सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सोने वाले निराश्रित लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचाने की भी तैयारी की है। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारी रात में अलग-अलग इलाकों में भ्रमण कर ऐसे लोगों को चिह्नित करेंगे। इसके बाद उन्हें नजदीकी रैन बसेरे तक पहुंचाया जाएगा, ताकि उन्हें सुरक्षित जगह पर ठहरने की सुविधा मिल सके। जोनल अधिकारी करेंगे व्यवस्थाओं की निगरानी सभी जोनल अधिकारियों और संबंधित अवर अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि ठंड के पूरे मौसम में कंबल वितरण, अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। उद्देश्य है कि शहर में कोई भी जरूरतमंद और निराश्रित व्यक्ति ठंड के कारण खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)