डेंगू जांच में 24 घंटे की जगह लगेंगे 83 मिनट:मेरठ पहुंचे वैज्ञानिको और यूवा शोधार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ते इलाज का ढूंढ़ा विकल्प
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित स्टार्टअप एग्जिबिशन में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी एक ऐसी तकनीक प्रदर्शित की गई, जो ग्रामीण इलाकों में जांच की सुविधाओं को सस्ता और आसान बना सकती है। डॉटसेंस (DotSense) नाम के इस स्टार्टअप के जरिए अब महंगी एलाइजा रीडर मशीन के बिना भी जांच की जा सकेगी। इसकी खास बात यह है कि जिस जांच में पहले 24 से 48 घंटे तक लगते थे, उसे करीब 83 मिनट में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए डेस्कटॉप स्कैनर या मोबाइल फोन और ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। स्टार्टअप एग्जिबिशन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी पहुंचीं। उन्होंने इस तकनीक को देखा और इसकी सराहना की। डॉटसेंस स्टार्टअप पर कुमारी मायावती राजकीय महिला पीजी कॉलेज में वैज्ञानिक डॉ. अजमी नकवी और गलगोटिया यूनिवर्सिटी की पीएचडी स्कॉलर साक्षी भारद्वाज काम कर रही हैं। वैज्ञानिक डॉ. अजमी नकवी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में डायग्नोस्टिक सेंटर पर कई जांच काफी महंगी होती हैं। कुछ जांच के सैंपल बड़े शहरों में भेजने पड़ते हैं। इससे मरीजों को रिपोर्ट मिलने में देरी होती है। कई बार खर्च ज्यादा होने के कारण लोग जांच भी नहीं करा पाते। इसी समस्या को दूर करने के लिए डॉटसेंस तकनीक विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य जांच को सस्ता, तेज और ज्यादा से ज्यादा लोगों की पहुंच में लाना है। 100 की जगह 10 माइक्रोलीटर रिएजेंट का इस्तेमाल पीएचडी स्कॉलर और गलगोटिया यूनिवर्सिटी से पढ़कर नोएडा के कॉलेज में शोध कर रही साक्षी भारद्वाज ने बताया कि सामान्य एलाइजा टेस्ट में एक बार में करीब 100 माइक्रोलीटर रिएजेंट इस्तेमाल होता है, जबकि डॉटसेंस की प्लेट में केवल 10 माइक्रोलीटर रिएजेंट की जरूरत पड़ती है। इससे जांच में इस्तेमाल होने वाले केमिकल का खर्च काफी कम हो जाता है। सामान्य एलाइजा रीडर मशीन की शुरुआती कीमत करीब 4 लाख रुपए होती है। इस तकनीक में महंगी मशीन की जरूरत नहीं है। इसकी जगह डेस्कटॉप स्कैनर या मोबाइल फोन से ऐप के जरिए जांच के परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। साक्षी के मुताबिक, डॉटसेंस तकनीक से डेंगू की जांच विकसित कर ली गई है। इसकी सेंसिटिविटी और स्पेसिफिसिटी की जांच भी की जा चुकी है। इसके परिणामों को लेकर शोध पत्र प्रकाशित किए गए हैं। अब टीम कैंसर मार्कर की जांच पर काम कर रही है। फिलहाल ओवेरियन कैंसर से जुड़े CA-125 मार्कर पर शोध किया जा रहा है। इसके परिणाम भी उत्साहजनक मिल रहे हैं। इस स्टार्टअप को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) से 1.17 करोड़ रुपए की फंडिंग मिली है। टीम ने तकनीक के लिए पेटेंट भी फाइल किया है। शोधकर्ताओं का कहना है कि आने वाले समय में इस तकनीक से ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी लैब में ही कम खर्च पर जांच और जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराना संभव हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)