कानपुर में आज BSP राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की जनसभा:14 साल बाद उसी मैदान में समर्थक इकट्ठा होंगे जहां मयावती आईं थी

Nov 29, 2026 - 06:22
0
कानपुर में आज BSP राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की जनसभा:14 साल बाद उसी मैदान में समर्थक इकट्ठा होंगे जहां मयावती आईं थी
कानपुर में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आज रविवार, 29 नवंबर को बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। बैरी शिवराजपुर स्थित रामसहाय इंटर कॉलेज में सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। जनसभा में बिल्हौर समेत आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। बिल्हौर में आकाश आनंद के आने से कानपुर और मिश्रिख संसदीय क्षेत्र में सियासी हलचल बढ गई है। बसपा बिल्हौर की सुरक्षित सीट को दो बार जीत चुकी है, साल 1996 और 2007 में बसपा के प्रत्याशी जीते थे। बसपा ने जनसभा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। कानपुर जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार के मुताबिक, कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बुलाया गया है। आकाश आनंद के स्वागत और जनसभा की तैयारियों में पार्टी पदाधिकारी पिछले 10 दिनों से जुटे हुए हैं। मैदान में विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। 300 फीट लंबा और 150 फीट चौड़ा बनाया गया पंडाल जनसभा को भव्य बनाने के लिए रामसहाय इंटर कॉलेज के मैदान में 300 फीट लंबा और 150 फीट चौड़ा वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। मुख्य अतिथि के लिए अलग मंच बनाया गया है। इसके अलावा जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। 2012 में मायावती ने इसी कॉलेज से घोषित किया था प्रत्याशी बिल्हौर में होने वाली इस जनसभा को आगमी विधानसभा चुनाव में बसपा अपने कोर वोटर को अपने पक्ष में करने में जुट गई है। फरवरी 2012 में बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी रामसहाय इंटर कॉलेज में जनसभा की थी। उस दौरान उन्होंने बिल्हौर विधानसभा सीट से कमलेश दिवाकर को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया था। करीब 14 साल बाद बसपा एक बार फिर इसी कॉलेज में बड़ी जनसभा करने जा रही है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आकाश आनंद भी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बिल्हौर सीट से प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकते हैं। बिल्हौर सीट पर दो बार जीत चुकी है बसपा बिल्हौर विधानसभा सीट पर बसपा का पुराना राजनीतिक आधार रहा है। साल 1996 में पार्टी ने भगवती प्रसाद सागर को प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने चुनाव में जीत हासिल की थी। इसके बाद 2007 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने कमलेश दिवाकर को टिकट दिया और वह भी विधायक बने। हालांकि, अब दोनों नेता बसपा में नहीं हैं। भगवती प्रसाद सागर स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी से जुड़ चुके हैं, जबकि कमलेश दिवाकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर के सामने बसपा की तैयारी बिल्हौर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वर्तमान में इस सीट से भाजपा के राहुल बच्चा सोनकर विधायक हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आकाश आनंद की यह जनसभा बसपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User