हत्या के प्रयास के दो आरोपी दोषी करार:बुलंदशहर में 7-7 साल की सजा, दोनों पर 54-54 हजार रुपए का जुर्माना

Nov 27, 2026 - 17:46
0
हत्या के प्रयास के दो आरोपी दोषी करार:बुलंदशहर में 7-7 साल की सजा, दोनों पर 54-54 हजार रुपए का जुर्माना
पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत बुलन्दशहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। न्यायालय में प्रभावी पैरवी के चलते वर्ष 2019 में हत्या के प्रयास की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को न्यायालय ने दोषी करार देते हुए सात-सात वर्ष के कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला डिबाई थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर कला से जुड़ा है। वर्ष 2019 में वादी रूपराम पुत्र बहोरीलाल के परिजनों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस हमले में हरीकिशन और पंकज घायल हो गए थे। घटना को लेकर 17 अगस्त 2019 को डिबाई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करते हुए 4 नवंबर 2019 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। ​सजा दिलाने के लिए इस प्रकरण को ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के अंतर्गत चिन्हित किया गया। इसके बाद बुलन्दशहर की मॉनीटरिंग सेल ने अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर न्यायालय में मजबूत और प्रभावी पैरवी की, जिससे अभियोजन की कार्यवाही समयबद्ध और सशक्त ढंग से पूरी हो सकी। ​शुक्रवार शाम 5 बजे अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) अनूपशहर, जनपद बुलन्दशहर के न्यायाधीश राजेश कुमार तृतीय ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दोनों आरोपियों को दोषी पाया। न्यायालय ने अभियुक्त रामवीर सिंह पुत्र मौहर सिंह तथा अनिल पुत्र चन्द्रपाल सिंह, दोनों निवासी ग्राम उदयपुर कला, थाना डिबाई को सात-सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक अभियुक्त पर 54-54 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। ​इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी करने वाले अभियोजक प्रवेन्द्र कुमार लोधी, मॉनीटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक पंकज राय, पैरोकार कांस्टेबल सचिन कुमार और कोर्ट मोहर्रिर कांस्टेबल नवनीत कुमार का योगदान महत्वपूर्ण रहा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गंभीर अपराधों में ठोस पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने की यह कार्रवाई अपराधियों में कानून का भय पैदा करने की दिशा में अहम कदम है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User